दातागंज में बाइक सवार युवक की हत्या, सड़क किनारे डाला शव
दातागंज (बदायूं)। गुरुवार देर रात समरेर रोड पर वौरा गांव के एक बाइक सवार युवक की हत्या कर दी गई और उसके शव को सड़क पर फेंक दिया गया। मौके से पुलिस को एक लाठी और एक लोहे की रॉड मिली है। परिजनों ने एक व्यक्ति को सुवानिया में नामजद करते हुए अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के गले पर धारदार वस्तु से कई प्रहार होने की पुष्टि हुई है। एक पैर भी टूटा मिला है।
करीब 35 वर्षीय नीरज पुत्र रामवीर दातागंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम वौरा निवासी था। नीरज टेंट की दुकान चलाता था। गुरुवार शाम नीरज रुकुमपुर गांव एक वैवाहिक कार्यक्रम के लिए टेंट लगाने की जगह नापने गया था। रात करीब साढ़े आठ बजे उसका खून से लथपथ शव वौरा गांव से कुछ दूर पड़ा मिला था। करीब आधा घंटा बाद परिवार वालों को इसकी सूचना मिली थी। जिस पर परिवार वाले और गांव के दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए थे। इसको पुलिस हादसा मान रही थी। जबकि परिवार वाले हत्या बता रहे थे। देर रात तक इस बात को लेकर मौके पर विवाद चलता रहा। बाद में पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छोटे भाई धर्मवीर का आरोप है कि वर्ष 2015 में उसकी भाभी लालिमा पत्नी धर्मवीर बीटीसी का चुनाव लड़ी थीं। जबकि दूसरी ओर गांव के राधेश्याम की बेटी पिंकी दो वोट से जीत गई थी। उनके 35 वोट कैंसल हो गए थे। इस बात को लेकर उनका राधेश्याम से विवाद हो गया था। तभी से उनके बीच रंजिश चल रही थी। पिता रामवीर ने राधेश्याम पर हत्या करने की आशंका जताते हुए तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इधर, युवक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक युवक के गले पर किसी धारदार वस्तु से वार किया गया था। एक ही जगह कई वार किए गए थे। उसका सीधा पैर भी टूटा मिला। इससे माना जा रहा है कि युवक की हत्या की गई है।
वर्जन--
युवक की मौत एक्सिडेंटल लग रही है। अगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होगी, तो उसके हिसाब से जांच की जाएगी। किसी भी हालत में दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा।
-अमृतलाल, इंस्पेक्टर दातागंज