कुंवरगांव (बदायूं)। आधी रात को कुंवरगांव इलाके से एक युवक के अपहरण की कोशिश की गई। युवक के चीखने पर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों के दोड़ने पर अपहरणकर्ता उसको छोड़कर भाग निकले।
शुक्रवार शाम कुंवरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पड़ौलियां निवासी 25 वर्षीय सुभाष पुत्र रामनाथ अपने खेत में धान की फसल काटने गया था। सुभाष के मुताबिक रात में 12.30 बजे वह खेत से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में मिले चार-पांच अनजान लोगों ने उसे रोका और पीटते हुए खींचकर ले जाने लगे। उसने मामला गंभीर जानकर चीखना शुरू कर दिया। उसकी चीख सुनकर आसपास खेतों में मौजूद लोग दौड़ पड़े। खुद को घिरा जानकर अपहरणकर्ता सुभाष को कुछ दूर ले जाने के बाद छोड़कर भाग गए। इसका पता लगने पर परिवार के अन्य लोग पहुंच गए। फोन पर घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दे दी गई। कुछ ही देर में यूपी 100 और कुंवरगाव थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसओ प्रदीप कुमार का कहना है मामला संदिग्ध लग रहा है जांच कर रहे है। एसओ प्रदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर घटना की कोई तहरीर नहीं दी गई है। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है।