वजीरगंज (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बुधवार देर शाम तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर दो मजदूरों से लूटपाट कर दी। उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने उनकी पिटाई लगा दी। दोनों मजदूरों को घायल कर दिया। वहीं पुलिस ने कार्रवाई की बजाय पीड़ितों से पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम चिंजरी निवासी नवल किशोर और बबलू बाइक लेकर घरेलू सामान खरीदने कस्बा आए थे। यहां से वापस लौटते समय अंधेरा हो गया। दोनों युवक हाईवे किनारे स्थित भट्ठे पर जा रहे थे। जैसे ही दोनों नगर के पास स्थित भोलानाथ मंदिर के पास पहुंचे कि तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और तमंचे के बल पर उनकी तलाशी शुरू कर दी। उनके पास से पांच-पांच हजार रुपये लूट लिए। इस पर दोनों युवकों ने विरोध किया तो बदमाशों ने डंडे और तमंचे की बट से उनकी पिटाई कर दी। उनके शोर मचाने पर भट्ठा पर मौजूद अन्य लोग आ गए। इस पर बदमाश अपनी बाइक छोड़कर खेतों में भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को अस्पताल ले जाने की जगह थाने ले गई और उल्टा पीड़ितों को पूछताछ के नाम पर घंटों बैठाए रखा। देर रात तक इसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।
सीओ बिसौली सर्वेंद्र सिंह का कहना है कि बाइक सवार मजदूरों के चोट आई है। उनके साथ लूटपाट हुई है या नहीं इसकी जांच कराई जा रही है। उसके बाद ही कोई आगे की कार्रवाई की जाएगी।