सहसवान (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कोतल नगला के जंगल में एक महिला की हत्या कर शव फूंकने का प्रयास किया गया। हत्यारे ऐसे ही अधजला शव छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस को मौके पर खून और टूटी चूड़ियां पड़ी मिली हैं। बुधवार देर शाम तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे कोतल नगला के लोगों ने गांव से पूरब दिशा में आग जलती देखी थी। कुछ लोग वहां पहुंच गए, वहां एक महिला की लाश जलती देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। उन्होंने तुरंत आग बुझाई और पुलिस को सूचना दी। महिला की उम्र करीब 25 साल है। उसके गले में अधजला कपड़ा बंधा हुआ था। उसके बराबर में खून से सनी ईंटें और खून पड़ा था। पुलिस को कुछ चूड़ियां भी टूटी हुई मिलीं। माना जा रहा है कि हत्यारों ने खेत में ही महिला की हत्या की। उसके बाद खेत की मेड़ पर शव को यूकेलिप्टिस के पत्तों से जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने ग्राम प्रधान राजेश कुमार की ओर से अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अभी महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
-----------------
खेत में मिली बीयर की बोतल और महिला का क्लेचर
जिस स्थान पर महिला की अधजली लाश मिली, वहां से करीब सौ मीटर दूर ईख के खेत में बालों में लगाने वाला क्लेचर और एक बीयर की खाली बोतल पड़ी मिली। ईख में महिला के कपड़े भी रखे मिलं। घटनास्थल पर जो ईंट बरामद हुई, उसी मार्का की ईंट करीब दो सौ मीटर दूर रास्ते किनारे एक बोरिंग के नजदीक भी मिली। इसके अलावा कहीं और जगह उस तरह की ईंटें दिखाई नहीं दीं।
-----------------------
अभी महिला के शव की पहचान नहीं हो सकी है। महिला आसपास के किसी गांव की हो सकती है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास के गांव में पता किया जा रहा है।
-कुशलवीर सिंह, इंस्पेक्टर सहसवान