म्याऊ-डहरपुर रोड पर मिली लाश, बाइक गायब
म्याऊ/दातागंज (बदायूं)। शनिवार सुबह म्याऊ-डहरपुर रोड किनारे एक व्यक्ति की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर उसकी बाइक भी नहीं मिली है। इससे परिवार वाले लूट के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं। वहीं पुलिस ने हादसा मानते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
40 वर्षीय कमलेश पुत्र कल्यान अलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सूरजपुर निवासी था। परिवार वालों के मुताबिक शुक्रवार शाम वह बाइक से अपनी बेटी को पापड़ मेले में छोड़ने गया था। बेटी को मेले में छोड़कर वह रात करीब साढ़े नौ बजे घर लौट रहा था। शनिवार सुबह करीब छह बजे राहगीरों ने दुबरी हसौरा मोड़ पर रोड किनारे उसकी लाश पड़ी देखी। जिस पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी और उसके कुछ समय पुलिस मौके पर पहुंच गई। लाश देख कर मौके लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी राहगीर ने कमलेश के रूप में शव की शिनाख्त की और उसके परिवार वालों को खबर की। इधर, कमलेश की मौत की खबर सुनकर उसके परिवार में कोहराम मच गया। वह रोते बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। परिवार वालों ने बताया कि कमलेश बाइक लेकर लौट रहा था लेकिन उसकी बाइक मौके पर नहीं मिली है। उसकी जेब में कुछ रुपये थे, वह भी नहीं मिले हैं। इससे कमलेश की लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। इधर, हजरतपुर एसओ की माने तो कमलेश को किसी वाहन ने टक्कर मारी है। उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, जिसमें हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। उसके शरीर पर एक्सिडेंटल चोटों के निशान मिले हैं।