फोटो-45, 46
कुंवरगांव में लोगों ने बैटरी चोरों को सिर मुड़ाकर गांव में घुमाया
चोरी के ट्रैक्टर की बैटरी बेचने के दौरान पकड़े गए, रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
कुंवरगांव (बदायूं)। इलाके के ग्राम गंज में दो युवकों को ट्रैक्टर की बैटरी चोरी करके बेचना महंगा पड़ गया। लोगों ने दोनों आरोपियों को बैटरी बेचने के दौरान पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई की। सिर मुंडवाकर दोनों को गांव में घुमाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। चोरी की बैटरी भी बरामद कर ली। इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
यह मामला कुंवरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गंज का है। यहां के नत्थूलाल का ट्रैक्टर बुधवार रात घर के बाहर खड़ा था। रात में किसी समय चोर उनके ट्रैक्टर की बैटरी चोरी करके ले गए। गुरुवार सुबह नत्थूलाल सोकर उठे तो उन्हें बैटरी चोरी का पता चला। उसके बाद उन्होंने थाने में तहरीर दी। इधर, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुरुवार शाम करीब चार बजे गांव के ही दो युवक अर्जुन और फैजान वही बैटरी लेकर एक मोबाइल की दुकान पर बेचने के लिए पहुंचे। उन्होंने दुकानदार से बैटरी बेचने का जिक्र किया। इस पर दुकानदार को मामला संदिग्ध लगा। उसने चुपके से गंज गांव के लोगों को बैटरी आने के बारे में बता दिया। उसके बाद गंज गांव के दर्जनों लोग उस दुकान पर पहुंच गए। उन्होंने दोनों युवकों को दुकान के बाहर ही दबोच लिया और उनकी पिटाई लगा दी। बाद में ग्रामीणों ने दोनों के आधा सिर मुंडवा दिए। फिर दोनों को गांव ले गए। गांव वाले दोनों आरोपियों को गांव में घुमा रहे थे कि तब तक दो सिपाही गांव पहुंच गए। उन्होंने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। मामला बिगड़ने के डर से दोनों सिपाहियों ने दोनों आरोपियों के पूरे सिर मुंडवा दिए। उसके बाद दोनों को थाने ले गए। इस मामले में पुलिस ने नत्थू की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बाकी बैटरी कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। गुरुवार देर शाम तक पुलिस आरोपियों के सिर मुंडवाने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर सकी।
वर्जन-
पुलिस को सूचना मिली कि थी गांव वालों ने दो चोरों को पकड़ लिया है। उनको सिर मुंडवा कर गांव में घुमाया जाएगा। तभी पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों को हिरासत में ले लिया। बाकी सिर मुंडवाया गया था, इसकी मुझे जानकारी नहीं है। जानकारी करता हूं, उसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।
-राघवेंद्र सिंह राठौर, सीओ सिटी