प्रापर्टी डीलर नेत्रपाल ही
निकला पत्नी का कातिल
एक तीर से दो शिकार करने में की हत्या, अब फरार
पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर वादी को ही साबित किया आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
दातागंज(बदायूं)। हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव दुंदीनगला में करीब दो महीने पहले हुई प्रापर्टी डीलर नेत्रपाल की पत्नी पूनम की हत्या का राज खुल गया है। हत्यारा कोई और नहीं, खुद पूनम का पति नेत्रपाल निकला। पुलिस ने मजबूत साक्ष्यों के आधार पर उसे पत्नी का हत्यारा साबित कर दिया है। बस गिरफ्तारी शेष है, नेत्रपाल फरार है जिसे पुलिस टीमें तलाश कर रही हैं।
नेत्रपाल के घर के सामने रहने वाले उसके भतीजे की बारात 23 नवंबर 2017 की रात चंदौसी के पास गई थी। घर पर नेत्रपाल की पत्नी पूनम अकेली थी। सुबह उसका शव घर में पड़ा मिला। उसे गोली मारी गई थी। नेत्रपाल ने पत्नी की हत्या और घर में लूट बताकर नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट कराई थी। इनमें दो प्रधान, एक हरियाणा का व्यवसायी, दो हजरतपुर के सराफ, एक डॉक्टर समेत कई प्रभावशाली लोग थे। पुलिस को घटना पर तभी से संदेह था, बाद में तफ्तीश के दौरान कई ऐसी बातें सामने आईं जिनसे नेत्रपाल ही कटघरे में खड़ा नजर आया। पता लगा कि खुद शाम छह बजे बारात को रवाना होने का बयान देने वाले नेत्रपाल के मोबाइल की लोकेशन रात साढ़े नौ बजे तक घर के आसपास ही थी। रात नौ बजे जब सामने भाई के घर से उसकी बहन मोहरकली पूनम के साथ सोने के लिहाज से उसके घर आई तो नेत्रपाल ने गेट से ही बहाना करके उसे टरका दिया। पुलिस के पास सुबूत हैं कि वह देर रात बारात में दो बैग लेकर पहुंचा था। नशे में नेत्रपाल ने बैग खोलकर लोगों को दिखाए तो एक में जेवर और दूसरे में काफी नकदी थी। वह कह रहा था कि उससे ज्यादा रईस कौन है। पता लगा कि जिन लोगों को नेत्रपाल ने नामजद कराया, उनका करीब एक करोड़ रुपया उस पर बकाया चल रहा था। पता यह भी चला है कि पास में ही स्थित एक स्कूल की शिक्षिका से नेत्रपाल का प्रेमप्रसंग था। पूनम की हत्या करके वह शिक्षिका से शादी और अपने कारोबारी दुश्मनों को निपटाना चाहता था।
00000000
आयकर टीम कर रही है जांच
नेत्रपाल के नाम पुश्तैनी छह बीघा जमीन थी। सपा सरकार रहते कुछ ही समय में वह करोड़पति बन गया था। विवादित जमीनों पर कब्जे और उन्हें सस्ते में खरीदकर महंगे दाम पर बेचना उसका काम था। घटना से पहले ही आयकर विभाग की टीम उसकी संपत्ति की जांच कर रही थी। ------------------
वर्जन
पूनम की हत्या में उसका पति नेत्रपाल ही हत्यारा है। यह बात बिल्कुल साफ हो चुकी है। पुलिस नेत्रपाल की तलाश कर रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर उसे जेल भेजा जाएगा। - कमल किशोर, एसपी सिटी