इस्लामनगर (बदायूं)। जेल से जमानत पर छूटे हिस्ट्रीशीटर ने मामूली बात पर बिजली विभाग के लिए काम कर रहे ठेका कर्मचारी को गोली मार दी। गोली उसके पैर से छूती हुई निकल गई। फायरिंग से घबराए दो कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। नशे की झोंक में आरोपी अपने साथी के संग तमंचा लहराता फरार हो गया। सीओ ने भी मुआयना किया। हिस्ट्रीशीटर समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जिले के 18 कस्बों में केआई कंपनी ने बिजली के पोल पर एबीसी लाइन (एरियल बंच कंडक्ट) डालने का ठेका लिया है। शुक्रवार दोपहर बाद ठेकेदार के कर्मचारी मोहल्ला डाकखाना में केबल डाल रहे थे। तभी इस मोहल्ले का रहने वाला हिस्ट्रीशीटर फूल मियां पुत्र अनवार अपने एक साथी के साथ नशे की हालत में बाइक से यहां आया। उसने अपना घर बताकर रास्ते से केबल भरा ट्रैक्टर हटाने को कहा। कर्मचारियों ने कहा कि दो मिनट रुको, वह ट्रैक्टर हटा रहे हैं। तभी गालियां देते हुए फूल मियां ने कमर से तमंचा निकालकर कर्मचारियों पर फायरिंग कर दी। इससे भगदड़ मच गई। फूल मियां ने दूसरा फायर भाग रहे कर्मचारियों पर किया। यह एटा जिले के माहरारा थाना अंतर्गत गांव इस्लामपुर पीली निवासी ठेका कर्मी बबलू पुत्र प्रेम सिंह के पैर से छूता हुआ निकल गया। कुछ छर्रे पैर में लगे जिससे बबलू चीखते हुए गिर पड़ा। बाकी दो कर्मचारियों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद भी फूल मियां लगातार हवाई फायर करता रहा। फायरिंग देखकर लोग अपनी दुकानें खुली छोड़कर भाग गए और मौके पर भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लगभग पंद्रह फायर हुए। जानकारी होने पर बिजली विभाग के अधिकारियों ने थाना पुलिस को फोन किया। पुलिस पहुंचती, इससे पहले फूल मियां अपने साथी के संग मौके से भाग चुका था।
बबलू सिंह की तहरीर पर थाना पुलिस ने फूलमियां और उसके अज्ञात साथी पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। बबलू सिंह को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद सीओ बिल्सी राघवेंद्र सिंह राठौर ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की बात कही।
-----------------
कुछ दिन पहले ही जमानत पर छूटा है फूल मियां
फूल मियां इसी मोहल्ले का रहने वाला है। वह पेशेवर अपराधी है। उसके खिलाफ इस्लामगर, प्रदेश के कई थानों के अलावा दिल्ली के कई थानों में भी केस दर्ज हैं। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले ही वह जेल से जमानत पर छूटा है।
-------------
अस्पताल पहुंचे अधिकारी, हाल जाना
घटना के बाद बिजली विभाग के अधिकारी भी ठेका स्टाफ के पक्ष में एकजुट नजर आए। एक्सईएन सेकेंड छैलबिहारी भी जिला अस्पताल पहुंचे। यहां प्रोजेक्ट मैनेजर देवेंद्र सिंह, मनोज कुमार आदि कई थे। इन लोगों ने बताया कि विकास योजनाओं के क्रम में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली सप्लाई दिलाने के लिए यह काम चल रहा है। सरकारी काम में इस तरह बाधा डालकर स्टाफ को हतोत्साहित किया जाएगा तो कैसे काम चलेगा। छैलबिहारी ने कहा कि उच्चाधिकारियों और प्रशासन के संज्ञान में भी घटना पहुंच चुकी है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराने का प्रयास करेंगे।