सिलहरी। दातागंज-बदायूूं रोड पर बदमाशों की सक्रियता काफी बढ़ गई है। मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारने के बाद एक व्यापारी से 1.30 लाख रुपये लूट लिए थे। पुलिस उन बदमाशों को पकड़ भी नहीं सकी थी कि इसी रोड पर देर शाम को बदायूं से लौट रहे एक युवक पर भी बदमाशों ने फायरिंग की और लूटने का प्रयास किया।
मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे डहरपुर अपनी आढ़त पर जा रहे बाइक सवार व्यापारी बालकराम गुप्ता और उनके दो बेटों मोहित और रजत गुप्ता से बदमाशों ने 1.30 लाख रुपये लूट लिए थे। देर शाम को थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव गुलड़िया निवासी रितुल पटेल पुत्र वीरपाल सिंह बदायूं से अपनी स्कूटी से लौट रहे थे। दातागंज रोड पर ही थाना मूसाझाग इलाके में गांव किसरूआ स्थित गोदाम के पास बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। स्कूटी के नहीं रोकने पर बदमाशों ने फायरिंग की। फिर भी रितुल नहीं रुका। वह तेजी से स्कूटी को लेकर गांव चला गया। इधर, व्यापारी से हुई लूट का खुलासा नहीं होने से व्यापारियों में रोष है।