उझानी। कोतवाली क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर सोमवार को हुए सड़क हादसों में बाइक और साइकिल सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों में एक किशोर भी शामिल है।
पहला हादसा सुबह बाइपास पर संजरपुर मोड़ के नजदीक हुआ। कासगंज में गंजडुडवारा थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर निवासी रोहित (23) पुत्र रामविलास छोटे भाई 12 वर्षीय कुलदीप के साथ बाइक से मिहौना गांव आया। लौटते समय वह पहिए में हवा चेक कराने के लिए मुड़ा, उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। रोहित और कुलदीप घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। इसके अलावा बदायूं रोड पर बसोमा मोड़ के पास मुजरिया निवासी बाइक सवार संजय (22) पुत्र वीरेंद्र को सामने से पिकअप ने टक्कर मार दी। बाइक उसके भाई के साले की शादी में दो दिन पहले ही मिली थी। वह शादी में शामिल होकर ही लौट रहा था। घायल संजय को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इधर, पंजाबी कॉलोनी में लिंक रोड पर मोहल्ला अयोध्यागंज निवासी साइकिल सवार 75 वर्षीय रामप्रसाद शर्मा को बाइक सवार ने चपेट में ले लिया। रामप्रसाद के सिर में गंभीर चोट आई है।