शादी समारोह के दौरान युवक
की सिर में ईंट मारकर हत्या
कुडेली गांव में लड्डू परोसने को लेकर दो पक्षों में हुआ था विवाद
घटना से बारातियों-घरातियों में मची अफरा-तफरी
चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
अलापुर (बदायूं)।
शादी समारोह के दौरान अलापुर इलाके के कुडेली गांव में एक युवक की सिर मे ईंट मारकर हत्या कर दी गई। दोनों पक्षों के बीच विवाद बारातियों को लड्डू परोसने को लेकर हुआ था। घटना के बाद शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। युवक के छोटे भाई की ओर से चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना के बाद से आरोपी घर से फरार हैं।
रविवार रात थाना क्षेत्र के गांव कुडेली निवासी रामचंद्र की बेटी विमला की शादी थी। बारात सहसवान से आई थी। रात करीब 11.30 बजे बाराती खाना खा रहे थे। पड़ोसी राजेंद्र (36) पुत्र जयरा बारातियों को लड्डू परोस रहा था। लड्डू परोसने को लेकर उससे गांव के सत्यपाल आदि से विवाद हो गया। आरोप है कि सत्यपाल आदि ने राजेंद्र को लात-घूंसों से पीटा और सिर में ईंट मार दी। इसमें वह घायल हो गया। इस घटना से बारातियों और घरातियों मेें अफरा-तफरी मच गई। फौरन 108 एंबुलेंस से राजेंद्र को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस गांव पहुंच गई। इसके बाद जिला अस्पताल जाकर छानबीन की गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक राजेंद्र की मौत सिर में गंभीर चोटें आने से हुई।
राजेंद्र के छोटे भाई लाल बहादुर की ओर से आरोपी सत्यपाल, उसके भाई प्रेमपाल पुत्र बद्री, साधू पुत्र सत्यपाल और रामनिवास पुत्र प्रेमपाल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उधर, गांव में चर्चा है कि घटना के समय राजेंद्र ने शराब पी रखी थी। झगड़े के बाद वह हाथ में ईंट लेकर घर में छत पर चढ़ गया। तभी छत से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। अलापुर थाने के दरोगा प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के घर दबिश दी गई, जो फरार हैं।
----------
एक तरफ मचा कोहराम, दूसरी ओर हुए सात फेरे
तड़के बारात को कर दिया गया था विदा, खुशी का माहौल हो गया गमगीन
अमर उजाला ब्यूरो
अलापुर (बदायूं)।
विमला की शादी होने की वजह से गांव में माहौल बेहद खुशनुमा था। अचानक ही छोटी सी बात पर राजेंद्र को मौत की नींद सुला देने के बाद खुशी का माहौल गम में बदल गया। विमला की शादी की सारी औपचारिकताएं देर रात में ही पूरी कर दी गई। तड़के बारात को भी विदा कर दिया गया।
रामचंद्र करीब तीन दशक से अपनी ससुराल कुडेली में रहते थे। उनकी पत्नी सावित्री देवी मायके में ही रहतीं थीं। सो गांव के ज्यादातर लोग दोनों को बुआ-फूफा ही कहते थे। रामचंद्र की बेटी विमला की शादी सहसवान से तय हुई थी। शादी के कारण माहौल बेहद खुशनुमा था। बारातियों को लड्डू परोसने को लेकर ही राजेंद्र और सत्यपाल आदि के बीच विवाद हो गया। लोग दोनों के बीच हुए विवाद को काफी देर तक समझ भी नहीं पाए। मारपीट हुई और राजेंद्र को ईंट मार दी गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन जिला अस्पताल ले गए। जब डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया तो परिजनों में कोहराम मच गया। राजेंद्र की मौत की खबर सुनते ही विमला की भांवरों की औपचारिकताएं भी देर रात में ही कर दी गईं। कहीं कोई बात न हो इसलिए तड़के करीब पांच बजे बारात को विदा भी कर दिया गया।
मृतक के परिजनों के मुताबिक जयराम के चार पुत्र हैं जिनमें मेघनाद सबसे बड़ा, राजेंद्र दूसरे नंबर का और बाकी सुरेंद्र और लाल बहादुर हैं। सभी भाई दिल्ली के साथ ही गांव में मजदूरी करते हैं। राजेंद्र की पत्नी की 10-12 साल पहले मौत हो चुकी है। उस समय उसका बेटा कुछ माह का था। अब उसका बेटा करीब 11 साल का है।