होली की चौपाई रोकी
तो पहुंचे अधिकारी
बिनावर, जरीफनगर और बिसौली थाना क्षेत्र में हुई घटनाएं
अधिकारियों ने समझा बुझाकर दोनों पक्षों को शांत कराया
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। होली के दिन बिनावर, जरीफनगर और बिसौली थाना क्षेत्र में एक समुदाय की चौपाई यात्रा निकालते समय दूसरे समुदाय के लोगों ने ऐतराज किया तो तनाव फैल गया। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से चौपाई निकलवाई।
बिनावर। थाना क्षेत्र के गांव खुनक में शुक्रवार को गांव के उमेश सक्सेना, रामेश्वर सक्सेना, बनवारी जाटव, बुधपाल जाटव समेत 30 से अधिक ग्रामीण हमेशा की तरह गांव में होली पर चौपाई निकाल रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि चौपाई ढोल से निकालते समय जब दूसरे समुदाय के धार्मिक स्थल के पास पहुंची तो दूसरे के समुदाय के कुछ लोगों ने चौपाई निकालने का विरोध किया। चौपाई रोकने से गांव में तनाव फैल गया। घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। सीओ सिटी वीरेंद्र सिंह यादव समेत बिनावर, कुंवरगांव, वजीरगंज, सिविल लाइंस, मूसाझाग समेत कई थानों का फोर्स और पीएसी मौके पर पहुंची। सीओ सिटी ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। सुबह करीब दस बजे चौपाई को निकलवाया गया। पुलिस ने दोनों समुदाय के लोगों में मध्यस्थता कराई। इस संबंध में एसओ संजय राय ने बताया की पुलिस फोर्स की मौजूदगी में चौपाई निकलवाई गई। गांव में अब शांति का माहौल है।
दहगवां। थाना जरीफनगर के गांव ढेल में गांव की परंपरा के मुताबिक लोग चौपाई का जुलूस गलियों में घुमाने लगे। जुलूस जैसे ही दूसरे समुदाय की गली के नजदीक पहुंचा तो उसे रोक लिया गया। कहा कि यह जुलूस आप इस गली से न निकालें। जुलूस में शामिल कुछ लोगों ने इसका विरोध किया तो दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। इसी दौरान गांव के किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना देकर अवगत कराया तो सूचना मिलते ही एसओ अमरपाल सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गए और इसकी सूचना अधिकारियों को दी । वे भी सूचना पाकर मौके पर पहुंच गए। अधिकारियो ने दोनों समुदाय के लोगों को समझाकर उनमें सुलह करा दी और चौपाई को शांतिपूर्वक निकलवा दिया। दोनों समुदायों के लोगों ने एकदूसरे को गले मिलकर होली की बधाई दी।
बिसौली। समीपवर्ती ग्राम मौजमपुर में होली का जुलूस निकाल रहे लोेगों को एक समुदाय के लोगों ने रोक दिया। इससे गांव में तनाव हो गया। इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अश्वनी कुमार मौके पर दलबल के साथ पहुंचे और शांतिपूर्ण तरीके से जुलूस निकलवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई थी। गांव में माहौल शांतिपूर्ण है।