फैजगंज बेहटा। क्षेत्र के गांव परमानंदपुर में निर्माणाधीन कोल्ड स्टोरेज पर सोमवार रात शस्त्रों से लैस बदमाशों ने धावा बोलकर हजारों की नकदी और सामान लूट लिया। बदमाश उन्हें एक कमरे में बंद कर भाग गए। कोल्ड स्टोरेज स्वामी ने लूट की तहरीर दी है।
मुरादाबाद से फर्रुखाबाद मार्ग पर गांव परमानंदपुर में बन रहे श्री र्साइं कोल्ड स्टोरेज पर रात एक बजे शस्त्रों से लैस आधा दर्जन बदमाशों ने धावा बोल दिया। कोल्ड स्टोरेज के चौकीदार कुंवरपाल को अपने कब्जे में लेकर वहां रह रहे मजदूरों के 9500 रुपये, रिसालत खां की दो जींस, इसरार खां से दो सौ रुपये, अरबाज खां से दो जैकेट लूट लीं। बदमाशों ने यहां रखी ठेकेदार श्यामवीर की 75000 रुपये कीमत की होल करने वाली मशीन भी लूट ली। एक घंटा लूटपाट के बाद बदमाश सभी मजदूरों को कमरे में बंद करके भाग निकले।
कोल्ड स्टोरेज पार्टनर सुमित अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने घटना की तहरीर एसओ को दी है पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, न ही मौका मुआयना किया गया है। लूट की इस घटना से यहां के व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया है। वहीं, एसओ आकाश कुमार ने लूट की कोई तहरीर मिलने से इंकार किया है।