बदायूं। राशन कोटे की दुकान के प्रस्ताव को लेकर दो जगह विवाद हुआ। बिसौली में दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव हुआ। जबकि मूसाझाग में दो पक्ष आमने-सामने आ गए।
बिसौली। कोटे के प्रस्ताव को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव हो गया। दोनों पक्षों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र के गांव ढिलवारी में शुक्रवार को राशन कोटे का प्रस्ताव होना था। इसके लिए एडीओ पंचायत के नेतृत्व में ब्लॉक की टीम और पुलिस गांव पहुंच गई। यहां राशन डीलर का पद महिला के लिए आरक्षित है। राशन कोटे के लिए गांव की मनु पत्नी मोहित और नीलम पत्नी जितेंद्र सिंह ने खुली बैठक में दावा पेश किया। बैठक में पहुंचने के लिए गांव वालों को पांच बजे तक का समय निर्धारित किया गया था।
आरोप है कि पांच बजने में कुछ मिनट पहले मनु के ससुर लल्लू सिंह बैठक में पहुंचे तो उनको एसआई कुलदीप सिंह ने बैठक में शामिल होने से रोक दिया। इसके बाद लल्लू सिंह ने अपने समर्थकों को वापस बुला लिया। आरोप है कि इसी समय नीलम पत्नी जितेंद्र सिंह के पक्ष में प्रस्ताव कर दिया गया। एसडीएम को दिए पत्र में लल्लू सिंह गुट ने आरोप लगाया है कि नीलम के समर्थक योगेश शर्मा की छत पर चढ़कर पथराव करने लगे। जबकि नीलम के पति जितेंद्र सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर लल्लू सिंह गुट पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मूसाझाग। विकासखंड जगत क्षेत्र के गांव पडौलिया में राशन की दुकान के प्रस्ताव को आज ग्रामीणों की खुली बैठक बुलाई गई। इसमें दोनों पक्षों के कई लोग बैठक में पहुंचने लगे और एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पंचायत सचिव माला पटेल और एडीओ पंचायत समाज कल्याण रामनिवास वर्मा तनातनी के माहौल को देख वहां से निकल लिए। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। इधर, एडीओ समाज कल्याण रामनिवास वर्मा ने बताया कि कोरम पूरा न होने की वजह से प्रस्ताव नहीं हो सका। अगली बैठक की तिथि जल्द तय की जाएगी।