बिसौली। मेडिकल संचालक का शव संदिग्ध हालात में कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। मृतका के पिता ने उसकी पत्नी, सास और ससुर समेत पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। मृतक के पिता का आरोप है कि हत्या करने के बाद शव फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
बिसौली थाने कागांव खजुरिया के मूल निवासी हरीओम मौर्य (30) पुत्र वीरपाल काफी समय से बिसौली की मौर्य कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। नगर के सोमवार बाजार में हरीओम का मेडिकल स्टोर है। बुधवार को हरीओम मदनजुड़ी गांव में दावत में गया था। रात को वह घर आया तो बिजली सप्लाई ठप थी। ऐसे में वह पत्नी के साथ छत पर सो गया। रात में करीब 12 बजे बिजली चालू होने पर हरीओम नीचे कमरे में आ गया। इसके बाद रात में करीब एक बजे गृह स्वामिनी मिथलेश नीचे आई तो उसने देखा कि हरीओम का शव कमरे में बेड की चादर से बने फांसी के फंदे से लटका है। उसने इस बारे में पूनम को बताया। रात में ही चादर काटकर शव उतार लिया गया। निजी डॉक्टर के यहां ले जाया गया तो उसने हरीओम को मृत घोषित कर दिया। खबर मिलने के बाद गुरुवार सुबह हरीओम के पिता परिवार समेत बिसौली पहुंच गए। हरीओम के पिता वीरपाल का आरोप है कि उसके बेटे की हत्या करने के बाद शव फांसी के फंदे पर लटकाया गया। वीरपाल की तहरीर पर पुलिस ने हरीओम की पत्नी पूनम, सास कमलेश, ससुर चंद्रपाल और साले राहुल, पवन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हरीओम की शादी फरवरी 2015 में हुई थी। पुलिस ने हरीओम की पत्नी पूनम और सास कमलेश को हिरासत में ले लिया है।
-------
पति-पत्नी के बीच चल रही थी मुकदमेदारी
बिसौली। हरीओम की शादी फरवरी 2015 में बिसौली से ही हुई थी। शादी के कुछ समय के बाद पति-पत्नी के बीच तकरार होने लगी। इस पर पूनम ने हरीओम के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया था। करीब तीन महीने पहले दोनों पक्षों के समझौता हो गया। इसके बाद पूनम और हरीओम साथ-साथ रहने लगे थे। हालांकि, दहेज उत्पीड़न का मुकदमा अब भी कोर्ट में विचाराधीन है।
--
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में जांच की जा रही है। मृतक की पत्नी और सास को हिरासत में ले लिया गया है।
-प्रमोद कुमार, कोतवाल बिसौली