आसफपुर (बदायूं)। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में पिकेट ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने शनिवार रात तलाशी के नाम पर एक कर्मचारी से न केवल अभद्रता की, बल्कि उसे चौराहे पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। आरोप है कि उसके बैग में रखे साढ़े पांच हजार रुपये भी चोरी कर लिए गए। कर्मचारी ने एसएसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
संभल के कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बलकरनपुर निवासी रेवाराम (55) दिल्ली में जल निगम में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। रेवाराम शनिवार रात रोडवेज बस से लगभग पौने दस बजे फैजगंज बेहटा क्षेत्र में भूड़ बिसौली चौराहे पर उतरा था। रेवाराम का कहना है कि उसका गांव चौराहे से चार किलोमीटर दूर था। रात की वजह से वह गांव नहीं जा सका। सुरक्षा की दृष्टि से चौराहे पर पिकेट ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के पास जाकर बैठ गया। आरोप है कि रात करीब दो बजे उन पुलिस कर्मियों ने उसके बैग की तलाशी ली। विरोध करने पर उसके साथ अभद्रता की। कुछ कहने पर उन्होंने मारपीट की। वह बैग छोड़कर अपनी जान बचाकर भागा लेकिन पुलिस कर्मियों ने उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस पर कुछ लोग उसे बचाने आए लेकिन खाकी के डर से किसी ने हिम्मत नहीं जुटाई। जैसे-तैसे छूटकर वह वहां से भाग गया। सुबह पुलिस कर्मियों के जाने के बाद वह मौके पर पहुंचा। उसका बैग तो मिल गया लेकिन सारा सामान इधर-उधर फैला पड़ा था। बैग में रखे साढ़े पांच हजार रुपये लापता थे। रेवाराम ने अज्ञात पुलिस कर्मियों के खिलाफ तहरीर दी है।
-------------------------
मुझे यह तो सूचना मिली थी कि रात कुछ होमगार्डों ने चौराहे पर शराब के नशे में हंगामा किया था लेकिन रुपये चोरी या मारपीट के बारे में किसी ने नहीं बताया। अगर ऐसा है तो मामले की जांच कराएंगे और कार्रवाई करेंगे।
- राजेश कुमार, इंस्पेक्टर फैजगंज बेहटा