बदायूं। एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने सोमवार को मूसाझाग थाना क्षेत्र के अमरपाल हत्याकांड का खुलासा कर दिया। अमरपाल की हत्या कासगंज जिले के सिंकदरपुर वैश्य इलाके में हुई थी। उसके शव को बाइक पर लादकर लाया गया था। फिर उसके घर के सामने डाल दिया गया था। हत्या करने वाले भाई-बहन पकड़े गए हैं।
अमरपाल पुत्र मुरली मूसाझाग थाना क्षेत्र के ग्राम भगवतीपुर निवासी था। उसकी दोस्ती पड़ोसी पप्पू से थी। एसएसपी ने बताया कि अमरपाल ने एक बार पप्पू की बहन शीतला का हाथ पकड़ लिया था, जिससे पप्पू उससे खुन्नस रखने लगा था। इधर पप्पू भी अमरपाल की पत्नी पर नजर रखने लगा था। पप्पू की बहन शीतला पत्नी कल्याण कासगंज जिले में सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ा में ब्याही है। 12 जून को पप्पू अमरपाल को शीतला के घर बुलाकर ले गया था। वहीं दोनों भाई-बहन ने मिलकर अमरपाल की गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद दोनों शव को बाइक पर लादकर रात में ही भगवतीपुर पहुंचे और शव को उसके घर के सामने डालकर फरार हो गए। सुबह परिवार वालों ने लाश देखकर पप्पू पर हत्या का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अमरपाल की मौत का कारण गला दबाकर बताया गया। तभी से पुलिस मामले की जांच में लगी थी। एसओ ललित भाटी ने सोमवार सुबह दोनों भाई बहन को डहरपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद दोनों को एसएसपी के सामने पेश किया गया। बाद में दोनों भाई-बहन को जेल भेज दिया गया।