एक व्यक्ति द्वारा पत्नी का अश्लील वीडियो बनाकर रिश्तेदारों और परिचितों में वायरल करने का मामला चर्चा में है। बिल्सी थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला अपनी बेटी को लेकर शुक्रवार को थाने पहुंची। पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी की ससुराल जरीफनगर के एक गांव में है। बेटी का पति उसे किसी न किसी बात पर आये दिन पीटता है। कुछ दिन पहले लात घूंसों से पीटने के बाद मिट्टी का तेल छिड़ककर बेटी को जान से मारने की कोशिश की। चीख पुकार सुनकर गांव वालों ने उसे बचा लिया था। इसके बाद अब उसने बेटी का अश्लील वीडियो बना लिया है और रिश्तेदारों, परिचितों में भी वायरल कर रहा है।
महिला ने दामाद के विरुद्ध रिपोर्ट लिखकर उसकी गिरफ्तारी की गुहार लगाई है। उधर, कार्यवाहक एसओ ने बताया कि पति-पत्नी में झगड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर गयी थी। लेकिन यदि पति इस तरह का वीडियो वायरल कर रहा है तो उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। जांच के आधार पर कार्रवाई की जायेगी। दोषी पाए जाने पर बख्शा नहीं जाएगा।