मूझाझाग। मूसाझाग क्षेत्र के एक गांव में रविवार शाम को अगवा की गई किशोरी दो घंटे बाद ही पड़ोसी के घर में बेहोशी हालत में मिली। वह बेहोशी की हालत में थी। पुलिस ने आरोपी ग्रामीण को हिरासत में ले लिया है।
मामला शाम करीब पांच बजे का है। गांव के ही एक व्यक्ति की 14 साल की बेटी घर के बाहर शौच के लिए गई थी। रास्ते में उसे तीन-चार युवकों ने अगवा कर लिया। शाम तक वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। उसी दौरान किशोरी के पिता को भनक लग गई कि किशोरी पड़ोस के एक व्यक्ति के घर में है। दरवाजे पर बाहर से ताला भी लटका था। शक होने पर उसने पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने ताला खुलवाकर घर में तलाशी ली तो वह चारपाई पर रजाई से ढकी मिली। वह बेहोशी की हालत में थी। बाद में पुलिस ने आरोपी मकान मालिक को दबोच लिया। हालांकि पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को कोई खास जानकारी नहीं दी है। निजी क्लीनिक पर इलाज के बाद देर रात ही किशोरी की सेहत में सुधार होने लगा। थानाध्यक्ष ललित भाटी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, उसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।