म्याऊं (बदायूं)। अलापुर थाना क्षेत्र के म्याऊं भट्ठे के नजदीक रविवार सुबह एक युवक का शव फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है।
करीब 28 वर्षीय रमनपाल पुत्र मुरारीलाल उसावां थाना क्षेत्र के ग्राम अभिगांव निवासी था। परिवार वालों के मुताबिक रमनपाल एक दिन पहले खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। उसके बाद युवक का कुछ पता नहीं चला। तभी से परिवार वाले उसे तलाश कर रहे थे। इधर, रविवार सुबह रमनपाल का शव म्याऊं भट्ठे के पास शहतूत के पेड़ पर गमछा के फंदे से लटका मिला। इसकी सूचना पर दर्जनों लोग एकत्र होकर आ गए। चौकी इंचार्ज रणजीत बहादुर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। बाद में सीओ दातागंज, इंस्पेक्टर अलापुर और उसावां एसओ भी आ गए। उसके बाद कहीं युवक की शिनाख्त हो सकी। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे युवक के परिवार वालों ने बताया कि युवक का शव छोटे से शहतूत के पेड़ पर लटका मिला। युवक ने आत्महत्या नहीं की उसकी हत्या हुई है। रमनपाल के एक बेटी और एक बेटा है। फिलहाल परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।