सहसवान। कोतवाली क्षेत्र के गांव आसे नगला में पिता-पुत्रों ने जमीन की रंजिश को लेकर बालक को गोली मार दी। घायल बालक को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मामले में तीन लोगों के खिलाफ कातिलाना हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सहसवान कोतवाली के गांव आसे नगला निवासी राकेश की गांव के ही दया शंकर से जमीन को लेकर रंजिश चल रही है। सोमवार सुबह राकेश का 10 साल का बेटा छोटे खेत पर गया था। आरोप है कि वहां दयाशंकर पक्ष के लोगों ने छोटे पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसमें वह गंभीर घायल हो गया। परिवार वाले छोटे को लेकर सीएचसी पहुंचे। यहां से यहां जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। राकेश ने मामले में दया शंकर और उसके दो बेटों भरत सिंह, विजय सिंह के खिलाफ जानलेवा हमला करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। कोतवाली प्रभारी आरपी शर्मा का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।