अमर उजाला ब्यूरो
बघौली (हरदोई)। शहर और देहात कोतवाली क्षेत्र में अलग- अलग दो गांवों में तीन घरों को निशाना बनाया। दो घर में परिजनों को बंधक बनाकर करीब पांच लाख का सामान लूट ले गए, जबकि तीसरी जगह शोर मचाने पर मकान मालिक को पीट कर घायल कर दिया। एसपी ने दोनों गांवों में पहुंचकर जानकारी की। घटना के खुलासे के लिए एसपी ने कई टीमें गठित की हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पालपुर निवासी रमाकांत (65) अपने पुत्र सीपू और नाती सूर्यांश के साथ रविवार रात घर के बाहर सो रहे थे। रात करीब एक बजे छह-सात बदमाश पहुंचे और तमंचे के बल पर तीनों को अलग-अलग चारपाई पर बांध दिया। इसके बाद रमाकांत से घर के अंदर महिलाओं से चाबी मंगवाने को कहा। रमाकांत ने महिलाओं को आवाज देते हुए दरवाजा न खोलने को कह दिया। इस पर बदमाशों ने रमाकांत, सीपू और सूर्यांश को जमकर पीटा। चीखने की आवाज सुन पड़ोसी अपने छत पर चढ़ कर गए और शोर मचाने लगे। इससे बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकलेे। रमाकांत की सूचना पर रात में ही यूपी-100 की टीम और फिर शहर कोतवाल भगवान सिंह मौके पर पहुंचे। वे यहां जांच पड़ताल कर रहे थे कि बदमाश देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कोढ़वा निवासी छुन्नू को तमंचा लगाकर दबोच लिया। छत पर सो रही महिलाओं से नीचे के कमरों की चाबी मंगवाई। दहशत में आई महिलाओं ने चाबी दे दी। यहां से 15 हजार रुपये नकद, सोने की एक चेन, एक हार, एक मांगबेदी, दो झाले, दो अंगूठी, दो जोड़ी पायल समेत लगभग तीन लाख रुपये का सामान समेटने के बाद बदमाश चले गए। फिर वे गांव के ही हनीफ के घर पहुंचे। घर के बाहर सो रहे हनीफ और उसके पुत्र आरिफ को तमंचा लगा दिया। हनीफ की पत्नी को बुलवाकर चाबी मांगी। उनके कमरे में रखे बक्से से चांदी की 50 अंगूठी, एक जोड़ी चांदी के कंगन लूट लिए। आरिफ की पत्नी नूरजहां को बुलाकर उसके कमरे से सोने की झुमकी, हार, मंगलसूत्र, दो जोड़ी पायल, 10 हजार रुपये समेत लगभग ढाई लाख रुपये का माल लूट लिया। सुबह पुलिस गांव में पहुंची और जांच पड़ताल की। एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि घटनाओं का खुलासा करने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जिस तरह से लूटपाट हुई हैै, उससे यही लग रहा है कि घटना में एक ही गिरोह का हाथ है।
- दो गांवों में बदमाशों ने बोला धावा, नगदी-जेवर लूटे
- परिजनों को बंधक बना दो जगह की लूटपाट, तीसरी जगह गृहस्वामी को पीटा