उझानी (बदायूं)। कछला चौराहे पर सोमवार शाम को दशहरा मेले की रंजिश में एक पक्ष के लोगों ने सैनिक पर हमला कर दिया। हमले में सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरे पक्ष से भी दुकानदार समेत दो युवक घायल हैं। दुकानदार का आरोप है कि उस पर एसिड फेंका गया। पुलिस ने दोनों पक्ष के घायलों का मेडिकल कराया है। इसे लेकर चौराहे पर अफतरातफरी का माहौल बना रहा।
विवाद सोमवार शाम करीब पांच बजे का है। कछला कस्बे में अशोकनगर निवासी सैनिक प्रतीक तोमर उर्फ मोनू (35) पुत्र योगेश कुमार चौराहे पर पहुंचा, उसी दौरान दुकानदार बबलू से कहासुनी हो गई। आरोप है कि बबलू और उसके पक्ष के लोगों ने प्रतीक पर हमला कर दिया। हमले में प्रतीक का सिर फट गया। घायल प्रतीक ने बताया कि उसके चाचा कस्बे में दशहरे पर मेला के अध्यक्ष थे। चार जून को मेल के दौरान लूटपाट की कोशिश में बबलू समेत चार लोगों को नामजद कराया गया था। बबलू उसी वक्त से रंजिश मानने लगा। घायल प्रतीक को लेकर उसके घरवाले कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस प्रतीक का मेडिकल करा रही थी, उसी दौरान बबलू (40) और उसका चचेरा भाई गौतम (32) को भी घायलावस्था में कोतवाली लाया गया। बबलू ने बताया कि प्रतीक और उसके घरवालों ने उसके ऊपर एसिड से अटैक किया। बबलू की चौराहे पर ही दुकान है। दरोगा प्रयागराज सिंह ने बताया कि मारपीट और झगड़ा हुई है। दोनों पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।