नूरपुर पिनौनी (बदायूं)। इस्लामनगर थाने के गांव नूरपुर पिनौनी का रहने वाला राधे नाम का युवक उत्तराखंड के श्रीनगर में फंस गया है। बुधवार शाम राधे की भाभी बबिता के पास एक फोन आया था। परिवार वालों के मुताबिक, फोन करने वाले ने खुद को सेना से बताते हुए राधे के बारे में अनहोनी की बात कही। सूचना मिलने के बाद राधे के परिवार वाले उत्तराखंड रवाना हो गए हैं। राधे की सलामती को लेकर वे चिंतित हैं।
नूरपुर निवासी राधे पुत्र रामचरन शर्मा अपनी पत्नी के साथ उत्तराखंड के हरिद्वार में रहकर नौकरी करता था। राधे की पत्नी राजकुमारी का कहना है कि 26 जून को राधे दिल्ली जाने की बात कहकर गया था। इसके बाद वह नहीं लौटा। पति के वापस न आने पर वह गांव लौट आई। उसकी तलाश भी करते रहे। बुधवार की शाम राधे की भाभी बबिता पत्नी प्रवीन के पास अरविंद थापा नाम के किसी व्यक्ति ने फोन किया। फोन करने वाले ने कहा कि रुद्रप्रयाग में आर्मी कैंप के पास राधे के साथ अनहोनी हुई है। इससे परिवार में हड़कंप मच गया। फोन करने वाले ने यह भी बताया कि संबंधि व्यक्ति के एक हाथ पर राधे लिखा है और सीने पर दिल का निशान है। राधे की पत्नी और परिवार के लोग भी इस बात की तस्दीक कर रहे हैं कि राधे के हाथ और सीने पर यह निशान हैं। इस बारे में सूचना मिलने पर राधे के ताऊ नवरत्न और सतीश रुद्रप्रयाग के लिए रवाना हो गए हैं। उनके शुक्रवार सुबह तक वहां पहुंचने की उम्मीद है। फिलहाल राधे को लेकर परिवार के साथ ही गांव के लोग भी चिंता में हैं।