अलापुर (बदायूं)। थाना क्षेत्र के ककराला कस्बे में बरात चढ़त के दौरान हुई मारपीट, लूटपाट, पथराव और फायरिंग के मामले में दूसरे दिन शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। इस पर परिवार वाले थाने तक पहुंचे और उन्होंने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की, लेकिन फिर भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पुलिस इस मामले को बच्चों का विवाद बता रही है।
शनिवार सुबह कश्यप बस्ती ककराला निवासी काफी संख्या में लोग अलापुर थाने पहुंचे। उन्होंने इंस्पेक्टर को तहरीर देते हुए बताया कि शुक्रवार रात बस्ती के रमेश कश्यप की बेटी की बरेली से बरात आई थी। उसमें कुछ महिलाएं भी शामिल थीं। रात करीब साढ़े दस बजे बरात चढ़त के दौरान कुछ खुराफाती युवक उसमें शामिल हो गए और डांस करने के बहाने उन्होंने दो महिलाओं के कुंडल-चेन आदि नोच लिए। महिलाओं के शोर मचाने पर लोगों ने दो खुराफातियों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन दोनों खुराफाती अपने मकान की छत पर चढ़ गए और वहीं से बरातियों पर पथराव कर दिया। फायरिंग का भी आरोप है। इससे बरातियों में अफरातफरी मच गई। उन्होंने जैसे-तैसे इधर उधर छिपकर अपनी जान बचाई। पथराव से कई बरातियों के चोटें भीं आईं। इस दौरान पुलिस को भी सूचना दी गई लेकिन पुलिस ने कहा कि इस मामले को सुबह देखेंगे। काफी प्रयास के बाद देर रात कहीं पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। शनिवार सुबह रमेश काफी संख्या में लोगों के साथ थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी लेकिन देर शाम तक मामले में कुछ नहीं हो सका।
-------------------------
परिवार वालों ने जो तहरीर दी है, उस पर जांच की जा रही है। यह बच्चों का विवाद बताया जा रहा है। जो भी कार्रवाई होगी, जांच के बाद होगी।
- कृष्ण गोपाल शर्मा, इंस्पेक्टर अलापुर