कन्हई हत्याकांड में उलझी सिविल लाइंस पुलिस
गला घोट कर मारा गया था कन्हई, बाद में लटका दिया था फंदे पर शव अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ग्राम लखनपुर में कन्हई की हत्या के मामले में पुलिस खुद उलझ गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्ट हो चुका है कि कन्हई की गला दबाकर हत्या की गई थी। उसकी हत्या क्यों की गई और किस इरादे से की गई, अब तक पुलिस कुछ पता नहीं लगा सकी है।
17 वर्षीय लखनपुर निवासी कन्हई की हत्या में तीन लोगों को नामजद किया गया है। उसकी मां भगवानदेवी का आरोप है कि नौ नवंबर को कन्हई घर पर खाना खा रहा था। उसी समय लखनपुर निवासी ईशू, नन्हू और आमगांव निवासी दानवीर उसके घर आए और कन्हई को बुलाकर अपने साथ ले गए। बाद में कन्हई का कुछ पता नहीं चल सका। कन्हई का मोबाइल नन्हू के घर पर चार्ज हो रहा था। जो उसने ही उसके घर पहुंचाया। इससे नन्हू का नाम इस हत्याकांड में शामिल किया गया। तीन लोगों पर हत्या का आरोप है लेकिन पुलिस अब तक यह पता नहीं लगा सकी कि उनकी रंजिश क्या थी। उन्होंने हत्या क्यों की? जबकि गांव वाले बता रहे हैं कि सभी में गहरी दोस्ती थी। सभी एक साथ घूमते थे। उनके बीच ऐसा कोई विवाद होना सामने नहीं आया था। इधर, पुलिस सूत्रों की माने तो कन्हई की हत्या में कोई नजदीकी भी शामिल हो सकता है। अभी इसकी जांच चल रही है।