साधना शर्मा हत्याकांड में अब वादी ने भी अन्न जल त्यागकर अनशन की चेतावनी दी है। उन्होंने एसएसपी बरेली को शिकायती पत्र सौंपकर विवेचना पूर्ण कराने और फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कराने की मांग की है। इससे पहले हत्याकांड में नामजद आरोपी पीसी शर्मा सीबीआई की जांच कराने की मांग कर चुके हैं। उन्होंने अनशन की चेतावनी भी दी थी।
एडीजीसी साधना शर्मा उझानी के बाजार कला मोहल्ला निवासी विपर्णा शर्मा की बहन थीं। विपर्णा शर्मा ही इस घटना की पैरवी कर रहीं हैं। उन्होंने एसएसपी बरेली के यहां पेश होकर शिकायती पत्र में बताया कि इस घटना की जांच क्राइम ब्रांच बरेली के निरीक्षक कृष्णमुरारी द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच करीब दो साल से चल रही है। लगातार विवेचना एक-दूसरे को ट्रांसफर की जा रही है। अब तक 8-10 विवेचक बदले जा चुके हैं, जिससे विवेचना आगे नहीं बढ़ पा रही है। उन्होंने कहा कि विवेचना तकनीकी बिन्दुओं पर रह गई है। जैसे सीडीआर एनलिसिस, मृतका के फोन की एफएसएल जांच रह गई हैं। इसमें नामजद दो आरोपी श्रवण गुप्ता और कमलेश शर्मा की गिरफ्तारी रह गई है। एसएसपी बदायूं द्वारा इन पर दो-दो हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। इसके बावजूद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। उन्होंने एक सप्ताह के अंदर दोनों नामजदों को गिरफ्तार कराने की मांग की। आरोप है कि आरोपी अपने पैरोकार से उन्हें धमकी दिला रहे हैं। कहा कि अगर जल्द आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वह अन्न जल त्यागकर अनशन शुरू कर देंगी।
इधर, इस मामले में डीजीपी ने आदेश दिए हैं कि विवेचना स्थगित नहीं की जाए। गहराई से जांच की जाए और वादी द्वारा पेश किए गए साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि इस मामले में तकनीकि पहलुओं पर एसटीएफ भी जांच शुरू कर देगी।