हिंदू युवा वाहिनी नेता पर
हमला करने वाले दबोचे
रिपोर्ट दर्ज नहीं, पुलिस ने बयान के आधार पर की कार्रवाई
बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती अमित शर्मा की हालत स्थिर
अमर उजाला ब्यूरो
बिसौली।
जमीन के विवाद में गुरुवार रात कार से जा रहे हिंदू युवा वाहिनी के ब्लॉक अध्यक्ष अमित शर्मा पर गोलियां बरसाने के आरोपी पिता-पुत्रों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। तहरीर न आने की वजह से अभी रिपोर्ट नहीं लिखी जा सकी है। वहीं, बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती अमित की हालत स्थिर बनी है।
हिंदू वाहिनी के नेता अमित शर्मा पर हुए कातिलाना हमले के मामले में पुलिस ने अमित के तात्कालिक बयान के आधार पर आरोपी कप्तान सिंह यादव और उसके दो पुत्रों को हिरासत में ले लिया। तीनों ही थाने की हवालात में हैं। हालांकि पीड़ित पक्ष के बरेली में होने की वजह से पुलिस को अब तक कोई तहरीर नहीं मिल सकी है। पीड़ित के पिता हरदत्त शर्मा उनके साथ तीमारदारी में हैं तो भाई वीरेश शर्मा के बाहर प्राइवेट नौकरी पर होने के कारण अब तक कोई तहरीर देने नहीं पहुंच सका है। अमित बरेली के मिशन हास्पिटल में भर्ती हैं। वहां ऑपरेशन के बाद उनके शरीर से छर्रे निकाले गए हैं। उनकी हालत मेें मामूली सुधार बताया जा रहा है।
000000
यह हुई थी घटना
गुरुवार रात नगर के आसफपुर रोड पर पावर हाउस के पास जमीन के विवाद के चलते नगर की शिव कॉलोनी निवासी हिंदू युवा वाहिनी के ब्लॉक अध्यक्ष व पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव के करीबी अमित शर्मा की कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गई थीं। अमित अपने दोस्त को उसके गांव छोड़कर अकेले ही घर लौट रहे थे। हमलावरों की गोलियां कार के शीशे चीरते हुईं अमित तक पहुंची थीं, और कई छर्रे उनके शरीर में जा घुसे थे। उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। वहां से रात में ही बरेली के मिशन हास्पिटल में भर्ती कराया गया। अमित ने पुलिस को वीडियो साक्ष्य के रूप में दिए बयान में बताया था कि आठ बीघा जमीन को लेकर गांव कालूपुर के कप्तान सिंह एवं उनके पुत्रों से उनका विवाद कोर्ट में चल रहा है। इन लोगों के साथ ही एक-दो अन्य लोगों ने उनके ऊपर फायरिंग की। मौके पर ही आई यूपी 100 की गाड़ी में सवार पुलिसकर्मियों ने उन्हें बचाया। तब आरोपी मौके से भाग गए।
00000
वर्जन
तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। पूरे घटनाक्रम पर पुलिस की नजर है। किसी भी हमलावर को नहीं बख्शा जाएगा।
- मुन्नालाल, सीओ बिसौली