मुठभेड़ के बाद थाना फैजगंज बेहटा पुलिस ने लूट की वारदातों में शामिल चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से लूट की बाइक, एटीएम कार्ड, पेनकार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस दो तमंचे, एक चाकू भी बरामद किया गया है। बदमाशों ने लूट की कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। सीओ बिसौली निर्मल कुमार बिष्ट ने बुधवार को लूटकांड का खुलासा किया।
फैजगंज बेहटा थाने के गांव धुड़िया धुरेकी निवासी भगवान स्वरूप पुत्र सीताराम से सात जुलाई को चार बदमाशों ने लूटपाट की थी। विरोध पर उसे लाठी मारकर घायल कर दिया था। बदमाश उससे अपाचे बाइक, पेन कार्ड, एटीएम कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस लूट ले गए थे। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद एसएसपी चंद्र प्रकाश ने घटना का जल्द खुलासा करने का आदेश दिया था। सीओ बिसौली निर्मल कुमार बिष्ट के निर्देशन में पुलिस टीम जुटी रही। सोमवार रात पुलिस ने रामवती देवी इंटर कॉलेज के पास से चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाश सत्यवीर पुत्र पूरन से पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा, दो जीवित कारतूस, बंटी उर्फ रमेश पुत्र मुन्ना लाल निवासी खेड़ादास थाना फैजगंज बेहटा से 315 बोर का एक तमंचा, कारतूस का एक खोखा और एक जीवित कारतूस, अंकित पुत्र कल्यान से एक चाकू, गुड्डू पुत्र ओमकार निवासी पथरा साईं मंदिर वाली गली चंदौसी से एक चाकू बरामद किया। बदमाशों ने लूट की कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। एसएसपी चंद्र प्रकाश ने पुलिस टीम के काम की सराहना की है। इसके साथ ही इनाम की घोषणा भी की है।
--
चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से दो तमंचे, दो चाकू, लूट की अपाचे बाइक के अलावा पेनकार्ड, एटीएम कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया गया है। बदमाशों ने लूट की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है।-निर्मल कुमार बिष्ट, सीओ बिसौली