बदायूं। एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने ब्लूमिंगडेल स्कूल में छात्र को पीटने के मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ सिटी को जांच सौंप दी है। हालांकि इस मामले में अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है, लेकिन परिवार वालों को जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
मंगलवार दोपहर एसएसपी कार्यालय पहुंचे वैदो टोला निवासी पूर्व सभासद हारून खां ने बताया कि उनके चार वर्षीय बेटे अदील खां से स्कूल में सिर्फ इस बात को लेकर मारपीट की गई कि उसने स्कूल टीचर से ट्यूशन नहीं पढ़ी थी। आरोप है कि उन्होंने बेटे के साथ हुए अत्याचार के संबंध में फेसबुक पर पोस्ट डाली थी। अब उनकी फेसबुक आईडी को हैक कर दिया गया है। इस बारे में उन्होंने एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है, वहीं एसएसपी ने इसकी जांच सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह को सौंप दी है।
हरून खां ने बेटे से मारपीट का आरोप लगाया है। अब हकीकत क्या है, इसकी जांच के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल सीओ सिटी को इसकी जांच दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।
- अशोक कुमार त्रिपाठी, एसएसपी