बदायूं। गुप्ता दंपती मर्डर केस की छानबीन कर रही सीबीआई टीम सोमवार शाम बदायूं पहुंच गई। सीबीआई शहर के एक गेस्ट हाउस में ठहरी है। मंगलवार सुबह लोगों से हत्याकांड के संबंध में पूछताछ कर सकती है। सीबीआई ब्राहमपुर मोहल्ले में भी जा सकती है।
कोतवाली क्षेत्र के ब्राहमपुर मोहल्ला निवासी रिटायर्ड इंजीनियर ब्रजेंद्र कुमार गुप्ता औैर उनकी पत्नी शन्नो गुप्ता की सड़ी-गली लाश आठ अप्रैल 2015 को उनके ही घर में मिली थी। दोनों लाशों इतनी खराब थीं कि लग रहा था चार-पांच दिन पहले उनकी हत्या की गई होगी। दोनों के शरीर पर धारदार हथियार के घाव पाए गए थे। शुरुआत में कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की थी लेकिन बाद में यह केस सीबीआई के हवाले आ गया। तभी से सीबीआई दंपती हत्याकांड की जांच कर रही है। पिछली 15 फरवरी को सीबीआई बदायूं आई थी और दंपती का एक मोबाइल सील करके अपने साथ ले गई थी। बताया जा रहा था कि वह मोबाइल हत्या के बाद से उनके कमरे में पड़ा था। परिजनों के मुताबिक दंपती दो मोबाइल चलाते थे, उनमें एक मोबाइल का आज तक पता नहीं चला। दूसरा मोबाइल सीबीआई के कब्जे में है। आगे की छानबीन के लिए सीबीआई सोमवार शाम फिर बदायूं पहुंच गई।