युवती को अगवा कर कार में ले गए बदमाश, पेड़ से बांधकर छोड़ा
बदायूं। अलापुर क्षेत्र से एक युवती को अगवा कर कार में ले जाने का मामला सामने आया है। युवती बेहोशी की हालत में शाहजहांपुर जिले के कलान क्षेत्र में पेड़ से बंधी मिली। लोगों की सूचना पर पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी। इस मामले में अलापुर पुलिस ने घटना को नकारते हुए युवती को मानसिक मंदित बताया है।
करीब 22 वर्षीय युवती अलापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। युवती के मुताबिक वह बुधवार सुबह अपने घर से निकली थी। तभी तीन कार सवार युवकों ने उसे अगवा कर लिया और उसे अज्ञात स्थान पर ले गए। रास्ते में उन्होंने कुछ ऐसा पदार्थ दे दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। उसके बाद उसके साथ क्या हुआ, उसे भी नहीं पता। बताया जाता है कि इसके बाद आरोपी युवती को शाहजहांपुर जिले के कलान थाना क्षेत्र में ले गए। शाम होने पर उन्होंने एक सुनसान स्थान पर युवती को पेड़ से बांध दिया और फरार हो गए। उस समय युवती बेहोशी की हालत में थी। उधर से गुजर रहे लोगों ने युवती को पेड़ से बंधा देखा तो पुलिस को सूचना दी। कलान पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवती को ले जाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया। इधर, मामले की सूचना पर अलापुर इंस्पेक्टर और युवती के चाचा कलान पहुंचे। गुरुवार देर शाम युवती को घर ले आए। युवती के माता-पिता दिल्ली में नौकरी करते हैं। उन्हें सूचना दे दी गई है। फिलहाल चाचा ने कोई कार्रवाई कराने से मना कर दिया है। वहीं अलापुर पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है। पुलिस ने युवती को मानसिक मंदित बताया है।
----------------------
युवती मानसिक मंदित है। वह स्वयं बस में बैठकर कलान पहुंची थी। जहां सड़क पर गिरकर बेहोश हो गई। कलान पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था।
-मनीराम सिंह, इंस्पेक्टर अलापुर