दिनदहाड़े बिनावर के 12 दबंग युवकों ने मंगलवार दोपहर हथियारों के बल पर बरेली के देवचरा से ढाबा मालिक के बेटे का अपहरण कर लिया। अपहृत को बिनावर की गलियों में पीटते हुए घुमाया गया। राहगीरों के पैर छुआए गए। करीब पौन घंटे बाद पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी अपहृत को लेकर भाग गए। गुस्साए लोगों ने बिनावर थाने का घेराव कर घंटों हंगामा किया। इस मामले में 12 लोगों के रिपोर्ट दर्ज दर्ज की गई है। मंगलवार देर शाम अपहृत अपने घर पहुंच गया।
बरेली के देवचरा निवासी व्यापारी रामऔतार के बेटे राज और बिनावर के सर्वेश की बेटी स्वाति की सोमवार रात शादी थी। विवाह समारोह बदायूं के नगला मंदिर के पास एक शादी हाल में हुआ था। इसमें देवचरा के ढाबा मालिक राकेश और उनका बेटा 22 वर्षीय रवि भी शामिल हुए थे। आरोप है कि वहां डीजे पर डांस करने के दौरान रवि के परिवार की एक लड़की से बिनावर के विमल प्रताप सिंह ने छेड़छाड़ कर दी। इस पर रवि और उसके साथियों ने विमल को पीटा था। उस वक्त लोगों ने मामला शांत करा दिया।
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे विमल प्रताप अपने साथियों समेत देवचरा में रवि के ढाबे पर जा धमका। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने रवि को जबरन अपनी बोलेरो में डाल लिया। अपराह्न करीब तीन बजे अपहृत रवि को बिनावर लाया गया। जहां रवि को पीटते हुए हुए गलियों में घुमाया गया। आरोप है कि इस दौरान रवि से रास्ते में मिले राहगीरों के पैर छुआए गए। कान पकड़कर उठा-बैठक लगवाई गई। इस दौरान वीडियो भी बनाई गई। सूचना मिलने पर पौन घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इससे पहले आरोपी अपहृत समेत फरार हो गए।
उधर, ढाबा मालिक राकेश ने बेटे के अपहरण की सूचना दी तो परिवार वाले तथा रिश्तेदार इकट्ठे होकर बिनावर गए और थाने का घेराव कर हंगामा शुरू कर दिया। लोग पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। भीड़ का आक्रोश देख कई थानों की पुलिस बुला ली गई। करीब दो घंटे हंगामे के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने और रवि को बरामद करने का आश्वासन दिया। इस पर लोग शांत हुए। मां अनीता की ओर से रवि के अपहरण, मारपीट, धूल चटाने और मूत्र पिलाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। देर शाम अपहरण समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। इसमें बिनावन निवासी आरोपी विमल प्रताप सिंह, शैलेश, जुगेंद्र माथुर, राहुल, अतुल, आदेश, बरखेड़ा गांव के निगम चौहान, मलिकपुर के मोनू, भानुप्रताप, संदीप सिंह, मयंक सिंह और खेड़ा नवादा निवासी गिरीशपाल सिंह नामजद हैं। देर रात रवि अपने घर पहुंच गया, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है।
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। धूल चटाने व मूत्र पिलाने का आरोप गलत है। केवल मारपीट का वीडियो मिला है।
- अशोक कुमार, एसएसपी