ट्रक के आगे कूदा नेपाली युवक, बचाया तो काट ली हाथों की नसें
संतोख सिंह तिराहे पर किया आत्महत्या का प्रयास
बदायूं। शहर के संतोख सिंह तिराहे पर शुक्रवार की देर शाम एक नेपाली युवक ने आत्महत्या करने की कोशिश की। वह पहले ट्रक के आगे कूद गया। लोगों के बचा लेने पर चाकू से दोनों हाथों की नसें काट लीं। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
करीब 24 वर्षीय सोनू पुत्र दुर्गाबहादुर नेपाल के जिला पालपा गोरखा में सोनाली बार्डर ग्राम पहाड़पुर का रहने वाला है। वह करीब दो साल से कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सैय्यदबाड़ा में किराए के मकान में रह रहा है। यहीं के विमल गुप्ता के होटल पर बर्तन धोने का कार्य करता है। प्रत्यक्षर्शियों की माने तो शुक्रवार शाम नेपाली युवक ओवरब्रिज के पास संतोख सिंह तिराहे पर खड़ा था। तभी बाइक पर पहुंचे दो युवकों ने मारपीट की। इससे गुस्से में आए सोनू ने ईंट उठाकर अपने सिर में मार ली। फिर उधर से गुजर रहे ट्रक के आगे कूद गया। उसे कूदता देख बाइक सवार मौके से भाग गए, लेकिन मौके पर खड़े लोगों ने उसे ट्रक के आगे से बचा लिया। इसके बावजूद युवक का गुस्सा शांत नहीं हुआ तो उसने सड़क किनारे फल बेच रहे ठेले वाला का चाकू लेकर अपने हाथों की नसें काट ली। वहां मौजूद लोगों की सूचना पर सिविल लाइंस थाना पुलिस पहुंच गई और पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया।
नेपाली युवक ने बताया कि गुरुवार दोपहर वह डीएम चौराहे पर खड़े होकर गुटखा खा रहा था। तभी गुटखा का कुछ बुरादा पड़ोस में खड़े युवकों पर चला गया। इसी पर युवकों ने मारपीट की।