उसावां। बेहोशी की हालत में एक व्यक्ति को रोडवेज बस स्टाफ कस्बे के पास उतारकर चला गया। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
शुक्रवार सुबह आठ बजे रोडवेज वाले 50 साल के व्यक्ति को कस्बे के पास मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे किनारे बेहोशी की हालत में उतार गए। किसी ने थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष हरिभान सिंह राठौर ने बेहोश व्यक्ति को सीएचसी पर भर्ती कराया। छह घंटे बाद भी होश न आने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। उसकी जेब से हरियाणा से आनंद विहार का टिकट निकला है। दूसरा टिकट धुंधला होने की वजह से पता नहीं लग सका कि कहां से कहां तक का है।