झोलाछाप के इलाज से गर्भवती की मौत
गुस्साए लोगों ने सड़क पर शव रखकर लगाया जाम
सत्ता से जुड़े नेताओं ने रफादफा कराया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
वजीरगंज (बदायूं)। बुधवार सुबह कसबे में झोलाछाप के यहां दवा लेने आई एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। इस पर परिवार वालों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया और बाद में सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। इसकी सूचना पर पहुंचे सत्ता से जुड़े नेताओं ने दोनों पक्षों को समझाबुझाकर मामला शांत करा दिया।
यह मामला कसबे के आंवला-वजीरगंज रोड स्थित एक झोलाछाप के क्लीनिक का है। जहां बुधवार सुबह बिसौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम साहनपुर निवासी चंद्रकेश की गर्भवती पत्नी श्रीवती उसी क्लीनिक पर रूटीन चेकअप कराने आई। आरोप है कि चेकअप कराने के दौरान झोलाछाप ने महिला को एक इंजेक्शन लगाया था, जिससे कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिवार वाले कुछ समझ पाते और उसे कहीं ले जाते उससे पहले महिला की क्लीनिक में ही मौत हो गई। इससे परिवार वालों में कोहराम मच गया। परिवार वालों की सूचना पर थाना पुलिस और उसके मायके वाले कोठा गांव से दर्जनों लोग पहुंच गए। उन्होंने झोलाछाप पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्लीनिक पर हंगामा कर दिया। जिससे क्लीनिक में अफरातफरी मच गई। झोलाछाप और उसका स्टाफ क्लीनिक छोड़कर फरार हो गए। काफी देर तक वह कार्रवाई की मांग करते रहे। उसके बाद उन्होंने क्लीनिक के सामने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। इससे पुलिस के हाथ पांव फूल गए। कुछ देर बाद सत्ता से जुड़े नेता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस और झोलाछाप से बातचीत कर महिला के परिवार वालों को शांत किया। फिर बाद में मामला रफादफा करा दिया। परिवार वालों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। वह बगैर पोस्टमार्टम के शव को अपने घर ले गए।