फोटो- 10 बीडीएनयूजेएचपीएच-01
सरेराह तीन दलितों की
पीटा, एक का हाथ टूटा
सड़क से डनलप हटाने के लिए कहने पर भड़क गए युवक
अमर उजाला ब्यूरो
उझानी (बदायूं)।
मासूम बेटे को साइकिल से स्कूल पहुंचाने के लिए निकले दलित ग्रामीण को मामूली बात पर तीन-चार युवकों ने जमकर पीट दिया। उसने महज यह कह दिया था कि डनलप को साइड में खड़ा कर लो। जब युवक को उसके भाई और भतीजे बचाने पहुंचे तो युवक उन पर भी टूट पड़े। पिटाई से घायल तीनों लोगों में एक का हाथ भी टूट गया।
घटना गुरुवार सुबह करीब आठ बजे की है। कोतवाली क्षेत्र के गांव बसोमा निवासी राजवीर अपने पांच साल के बेटे को स्कूल पहुंचाने के लिए गांव से निकला। रेलवे फाटक के पास सड़क पर डनलप खड़ा देख उसने उसके मालिक से हटाने के लिए कहा तो वह बिफर पड़ा। डनलप मालिक के साथ तीन-चार युवक थे। उन्होंने राजवीर की पिटाई कर दी। पिटाई के बाद खुद को घिरा देख राजवीर ने फोन करके अपने भाई रामदयाल और भतीजे गौरव कुमार को बुला लिया। हमलावरों ने रामदयाल और गौरव को भी नहीं बख्शा। पिटाई से गौरव का हाथ टूट गया। रामदयाल ने यूपी-100 पर कॉल भी की लेकिन कोई रेस्पांस नहीं मिला।
आसपास खेतों पर काम रहे लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कर दिया। घायल रामदयाल समेत तीनों लोग कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। उन्होंने हमलावरों के नाम भी पुलिस को बता दिए। वह गद्दीटोला मोहल्ले के हैं। पुलिस ने घायलों का मेडिकल भी कराया है। बाद में गौरव को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि रास्ते में मारपीट हो गई थी। आरोपियों में दो युवक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलते ही उनके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कर ली जाएगी।