बदायूं। कोतवाली क्षेत्र में झपटमार गिरोह पर नकेल नहीं लग पा रही है। कोई कार्रवाई न होने से झपटमार गिरोह के हौसले बुलंद हैं। सोमवार को दिनदहाड़े झपटमार गिरोह के सदस्यों ने चलती बाइक से महिला के एक कान से झूमका खींच लिया। वारदात लालपुल पुलिस चौकी के पास हुई। चौकी स्टाफ ने दंपति को बिना कार्रवाई के टरका दिया।
कासगंज जिले के थाना सोरों के गांव रमनगला निवासी मनोज की बदायूं में रिश्तेदारी है। वह अपनी पत्नी सुधा के साथ बदायूं आए हुए थे। सोमवार दोपहर मनोज अपनी पत्नी सुधा के साथ बाइक से सोरों लौट रहे थे। इनकी बाइक लालपुल पुलिस चौकी के पास पहुंची। इसी दौरान पीछे चल रही बाइक पर सवार एक युवक ने झपट्टा मारकर सुधा के एक कान से सोने का झूमका खींच लिया। उसके दूसरे साथी ने बाइक को दौड़ा दिया। दंपति का कहना है कि वारदात के बाद वह लालपुल पुलिस चौकी पहुंचे। यहां उनसे तहरीर ले ली गई। बाद में उनको कार्रवाई का भरोसा देकर टरका दिया गया। इधर, लालपुल चौकी इंचार्ज अवधेश कुमार का कहना है कि इस तरह का कोई मामला उनकी जानकारी में नहीं है। वह अवकाश से आज ही लौटे हैं और दिन में ज्यादातर समय पुलिस चौकी पर ही रहे हैं।
---------
आटोलिफ्टर ने बाइक चोरी की सहसवान। नगर के मोहल्ला चौधरी निवासी राजीव जौहरी पुत्र घनश्याम दास मोहल्ला नसरुल्लागंज में अनीस अहमद से मिलने गए थे। उन्होंने अपनी बाइक अनीस अहमद के घर के बाहर खड़ी की थी। मौका पाकर वाहन चोरों ने बाइक चोरी कर ली। रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है।