बिसौली (बदायूं)। इंसानों के अपहरण और फिरौती वसूलने की घटनाएं आपने सुनी होंगी पर यहां भैंस दिलाने के नाम पर फिरौती वसूलने का मामला चर्चा में है। क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हो रही पशु चोरी से जुड़े इस अनोखे मामले में एक किसान को भैंस चोरी की फिरौती देने के बाद भी जब दूसरी भैंस थमाई गई तो उसने विरोध कर दिया। उसे फिरौती की पूरी रकम वापस न की गई तो उसने पुलिस से शिकायत की। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की तो निराश किसान ने आईजी से शिकायत की है।
पशु अपहर्ताओं के चक्रव्यूह में फंसे कोट गांव निवासी रोहित गुप्ता ने बताया कि 15 नवंबर की रात उनकी साठ हजार रुपये कीमत की भैंस चोरी हो गई। काफी तलाश की पर भैंस का पता नहीं लगा। तब रायपुर और नौली गांव निवासी दो लोगों ने उन्हें बताया कि उनकी भैंस शेखूपुरा और मुबारकपुर निवासी दो लोगों के पास है। कहा कि अगर वह उन्हें 24 हजार पांच सौ रुपये तो वह भैंस दिलवा सकते हैं। मजबूरी में रोहित ने 17 नवंबर को यह रकम इन दलालों को दे दी। रोहित के मुताबिक यह लोग उन्हें दूसरी भैंस देने लगे। तब उन्होंने वह भैंस लेने से मना कर दिया। कहा कि वह अपनी ही भैंस लेगा। दलालों ने शाम को भैंस देने का वादा करके वापस भेज दिया। भैंस तो नहीं दी पर दूसरे दिन 19800 रुपये वापस कर दिए। कहा कि उसकी भैंस किसी और को बेची जा चुकी है, बाद में लाकर देंगे। तब से अब तक न तो उसे उसकी भैंस दी है और न ही बकाया 4700 रुपये वापस कर रहे हैं। रोहित ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ उसने बिसौली कोतवाली में तहरीर दी पर पुलिस ने रिपोर्ट लिखने की जरूरत नहीं समझी। कोतवाली प्रभारी से भी मिला पर सुनवाई नहीं हुई। वहीं कोतवाली प्रभारी राजेश कश्यप ने ऐसी कोई तहरीर मिलने से इंकार किया है।
------------
वर्जन
पशुओं की फिरौती गंभीर मामला है। मेरे संज्ञान में ऐसा कोई पत्र नहीं आया। शिकायत मिलते ही जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
- मुन्नालाल, सीओ बिसौली