मुजरिया।
स्थानीय थाने पर तैनात एक सिपाही और सहसवान में काम करने वाले होमगार्ड में जमकर मारपीट हो गई। होमगार्ड के पक्ष में कई लोग आ गए। जिन्होंने थाने के सामने जाम जैसे हालात पैदा कर दिए। एसओ ने सिपाही के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सीओ सहसवान भी मौके पर पहुंच गए। एसओ ने पूरे मामले से एसएसपी को भी अवगत करा दिया है, सिपाही पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
थाना मुजरिया क्षेत्र के गांव छोकरपुर निवासी होमगार्ड बोबी यादव सहसवान में तैनात है। शाम वाहनों से अवैध वसूली को लेकर स्थानीय थाने के सिपाही कौशल कुमार से उसकी कहासुनी हो गई। बात बढ़ जाने पर मारपीट होने लगी। बदायूं-मेरठ हाईवे पर सड़क के बीचों बीच मारपीट होने से कई लोग जमा हो गए। लोग होमगार्ड के पक्ष में आ गए। उन्होंने हाईवे पर जाम जैसी स्थिति कर दी। एसओ सत्यप्रकाश ने किसी तरह होमगार्ड और बाकी लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। कहा कि इस संबंध में वह अधिकारियों को अवगत करा रहे हैं। जल्द ही कार्रवाई होगी। होमगार्ड का आरोप था सिपाही ने उसे बेंत से पीटा। सिपाही और होमगार्ड के बीच मारपीट की खबर सुनकर सीओ सहसवान इरफान नासिर भी पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से बात की।