उझानी (बदायूं)। फसलों की रखवाली के लिए खेतों की मेड़ पर लगे ब्लेड वाले तारों की बाड़ की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत के मामले में पुलिस ने रविवार सुबह कार्रवाई कर दी। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर दोनों खेत मालिकों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश में दबिश दी लेकिन वे घर से फरार हैं। इधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराकर उसके घरवालों को सौंप दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव हरपालपुर निवासी बाइक सवार विजय सिंह (25) पुत्र रघुवीर अपने खेत पर जाते समय शनिवार शाम को रास्ते में दो खेतों में लगे ब्लेड वाले तारों की चपेट में आ गया था। गर्दन कट जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद मृतक के बड़े भाई वीरपाल ने बताया कि गांव के ही देवपाल और जब्बार ने चकरोड वाली साइड में अपने खेतों के एक ओर ब्लेड वाले तारों की बाड़ लगा थी। इसी वजह से चकरोड पर आवागमन भी प्रभावित हो रहा था। ब्लेड वाले तार हटवाने के लिए हरपालपुर के कुछ लोगों ने खेत मालिकों से शिकायत भी की थी लेकिन उन्होंने कोई गौर नहीं किया। वीरपाल ने भाई की मौत के लिए दोनों खेत मालिकों को जिम्मेदार ठहराया है।
देर रात ही कोतवाली क्षेत्र की कछला चौकी के पुलिस कर्मियों ने दोनों खेतों से ब्लेड वाले तार हटवाकर कब्जे में ले लिए थे लेकिन दोनों आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही घर से फरार हो चुके थे। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार चाहर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोशिश की जा रही है। बता दें कि खेतों में ब्लेड वाले तारों की बाड़ लगाना प्रतिबंधित है लेकिन खेत मालिक फसल को पशुओं से बचाने के लिए ब्लेड वाले तारों का इस्तेमाल करने से बाज नहीं आते। इधर, पुलिस ने विजय के शव का पोस्टमार्टम कराके उसके घरवालों को सौंप दिया है। मृतक विजय अविवाहित था। वह अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था।
---------------
खुलेआम बिकते हैं ब्लेड वाले तार
लावारिस पशुओं से फसल को बचाने के लिए अमूमन कंटीले तारों की बाड़ खेतों के आसपास लगा दी जाती थी लेकिन सात-आठ साल से ब्लेड वाले तारों का प्रचलन काफी तेजी से बढ़ा। ब्लेड वाले तारों की चपेट में आने से बेजुबान लहूलुहान हो जाते । ऐसे में इंसान की क्या बिसात जो इन तारों में उलझकर सुरक्षित बच पाए। किसान यूनियन समेत कई स्वयंसेवी संगठन इसकी बिक्री पर रोक के लिए आवाज भी उठा चुके हैं लेकिन दुकानों पर से ब्लेड वाले तारों को बरामद करने की कोशिश ही नहीं की जाती।