जेल से भागे बंदी सुमित और भागने में विफल चंदन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
जेल के अंदर से पिस्टल के अलावा दो मैगजीन, आठ कारतूस भी मिले
डीआईजी जेल पहुंचीं, बंदियों के बैरक से निकलकर जेल की दीवार तक पहुंचने पर उठे सवाल
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं।
रस्सी के सहारे जिला जेल की दीवार कूद कर फरार हुए बंदी और भागने में विफल रहे चंदन के खिलाफ जेल अधीक्षक कैलाश पति त्रिपाठी की तहरीर पर सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जेल के अंदर से पिस्टल के अलावा दो मैगजीन और आठ कारतूस भी मिले हैं। इससे जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे डीआईजी जेल शशि श्रीवास्तव जिला कारगार पहुंचीं। उन्होंने जेल अधीक्षक, होमगार्डों, बंदी रक्षकों के बयान लिए।
शनिवार रात करीब पौने आठ बजे बदायूं जिला कारागार से विचाराधीन बंदी मुरादाबाद निवासी सुमित रस्सी के सहारे दीवार कूदकर फरार हो गया था। वहीं कुख्यात अपराधी गोरखपुर निवासी देवकी नंदन उर्फ चंदन सिंह दीवार कूदने में असफल रहा था। दोनों बंदियों ने बैरक से निकलकर जेल से भागने के दौरान होमगार्ड श्यामलाल को पीटा था। उसके ऊपर पिस्टल से फायर भी किया परंतु पहला फायर मिस हो गया। चंदन ने दूसरा फायर जेल की दीवार पर चढ़ते हुए किया। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह दीवार से जेल के अंदर गिर गया, जबकि सुमित जेल से फरार होने में सफल रहा। जेल के अंदर पकड़े गए चंदन के पास से एक पिस्टल, दो मैग्जीन और आठ कारतूस मिले हैं। इस मामले में जेल अधीक्षक कैलाश पति त्रिपाठी ने शनिवार देर रात ही दोनों बंदियों के खिलाफ तहरीर दी थी, जिसके आधार पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने फरार बंदी सुमित और पकड़े गए बंदी चंदन सिंह के खिलाफ धारा 223, 224 आईपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली।
इधर, रविवार सुबह जेल अधीक्षक शशि श्रीवास्तव जिला कारागार पहुंचीं। उन्होंने बंदी की बैरक से लेकर जेल की दीवार तक निरीक्षण किया। उसके बाद होमगार्ड श्यामलाल के बयान लिए। डीआईजी ने जेल अधीक्षक, जेलर प्रेम सागर शुक्ला और बंदी रक्षक यूसुफ अली के अलावा अन्य बंदी रक्षकों के बयान लिए।
-------------------
वर्जन-
सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगने से जेल के अंदर पिस्टल पहुंची है। उसके साथ कारतूस और मैग्जीन मिलना भी बड़ी बात है। सवाल है कि बैरक से निकलकर बंदी जेल की दीवार तक कैसे पहुंचे। कहीं न कहीं कोई चूक जरूर हुई है। अंदर क्या चूक हुई है, इस पर जेल प्रशासन कार्रवाई करेगा।
-जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी