अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं।
आवास विकास कॉलोनी में शनिवार सुबह किराने की दुकान पर खरीदारी करने पहुंची महिला कर निर्धारण अधिकारी से बाइक सवार लुटेरों ने गले में लटकी चेन खींच ली। वारदात के वक्त गली में चंद लोग मौजूद थे, लेकिन जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक लुटेरे फरार हो चुके थे। घटना से हड़कंप मच गया। सूचना पर सीओ सिटी वीरेंद्र सिंह यादव पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। पीड़ित ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है।
आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले आदेश मोहन यूपी सर्व ग्रामीण बैंक के प्रबंधक है। इनकी पत्नी आरती सिंह कर निर्धारण अधिकारी के पद पर कासंगज में तैनात है। शनिवार सुबह लगभग नौ बजे वह अपनी बेटी के साथ पड़ोस में जनरल स्टोर पर घरेेलू सामान खरीदने गईं थी। बाइक सवार लुटेरे पीछा करते हुए दुकान पहुंचे और सामान की खरीदारी करते वक्त अचानक बाइक सवार एक युवक ने आरती के गले पर झपट्टा मारकर चेन खींच ली और फरार हो गया। शोर मचाने पर मोहल्ले वाले एकत्र हो गए। सीओ सिटी वीरेंद्र सिंह सिविल लाइंस पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पीड़िता से पूछताछ की। आसपास के क्षेत्रों में चेकिंग कराई लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। आरती ने पुलिस को बताया कि चलाने वाला युवक मुुह पर नकाब लगाए था, झपट्टा मारने वाले युवक की उम्र 20-25 साल के आसपास रही होगी।
----
लुटरों का आतंक, सात दिन में तीन महिलाओं की लूटी चेन
बेखौफ लुटेरों के निशाने पर शहर की महिलाएं है। सात दिन में बाइक सवार लुटेरे तीन महिलाओं के गले में लटकी सोने की चेन खींच चुके हैं। एक भी मामले में पुलिस को सफलता नहीं मिली हैं।