सहसवान (बदायूं)। शनिवार देर रात बेटी का इलाज कराने जा रही एक महिला को रास्ते में गोली मारकर घायल कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
यह घटना शनिवार देर रात करीब 12 बजे नगर के मोहल्ला काजी में हुई है। परिजनों ने बताया मोहल्ला चौधरी निवासी रजी मोहम्मद की पत्नी आमना बेगम अपनी अपनी पुत्री शुमायला को इलाज के लिए मोहल्ला काजी जा रही थी। उनके साथ आमना की दूसरी बेटी पुत्रवधू शाइस्ता भी थी। रास्ते में उन्हें तीन लोगों ने घेर लिया और गोली मार दी। गोली लगते ही आमना बेगम जमीन पर गिर पड़ी। इसका पता लगने पर परिजनों ने इसकी सूचना यूपी 100 पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस से घायल आमना को अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां हालत गंभीर बनी है। मामला रंजिश का बताया जा रहा है। देर शाम तक पुलिस को घटना की कोई तहरीर नहीं दी गई है।