फोटो: 38
दंपति से नकदी और जेवर लूटे
विरोध करने पर पीटा, पीड़ित दंपति ने पुलिस को दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
आसफपुर (बदायूं)। फैजगंज बेहटा इलाके में गुरुवार को दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने दंपति से 35 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। दंपति के विरोध करने पर बदमाशों ने जमकर पीटा, जिससे दोनों के गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित दंपति ने घटना की तहरीर पुलिस को दे दी है।
यह घटना गुरुवार दोपहर करीब एक बजे की है। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर निवासी रशीउद्दीन पुत्र जफरुद्दीन पत्नी हाशमा बेगम के साथ बाइक पर चंदौसी से गांव लौट रहे थे। तभी रास्ते में सिसरका ईंट भट्ठा के नजदीक तीन नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने असलहों के बल पर उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर रशीउद्दीन से 30 हजार रुपये और उनकी पत्नी हाशमा बेगम से सोने की चेन, कुंडल और अंगूठी लूट ली। इसका विरोध करने पर बदमाशों ने हाशमा बेगम की पिटाई लगा दी, जिससे वह लहूलुहान हो गईं। आरोप है कि दंपति चीखपुकार करते रहे परंतु कोई भी राहगीर या भट्ठा मजदूर उन्हें बचाने नहीं आया। जबकि बदमाश आराम से लूटपाट करके ग्राम पिपरिया के जंगलों में होते हुए फरार हो गए। पीड़ित दंपति के मुताबिक बदमाशों ने करीब डेढ़ लाख की लूटपाट की है। घटना के बाद पीड़ित थाने पहुंचे, उन्होंने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस पर पुलिस ने मामला संदिग्ध बता कर उन्हें थाने से टहला दिया। एक सप्ताह में हुई लूटपाट की दूसरी वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस कार्रवाई की बजाय घटनाओं पर पर्दा डालने में लगी है।