बदायूं। शहर कोतवाली के मोहल्ला सोथा में रंगदारी न देने पर दबंग ने फायरिंग कर दी। जिसमें गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। मोहल्ले में अचानक फायरिंग होने से हड़कंप मच गया। लोग अपने घरों में घुस गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। फायरिंग के बाद मोहल्ले में दो पक्षों के बीच टकराव के हालात बने हुए हैं।
शहर कोतवाली के मोहल्ला सोथा निवासी 30 वर्षीय हसनैन पुत्र कुर्बान रविवार दोपहर अपने घर के पास खड़ा था। इसी दौरान मोहल्ले का ही रहने वाला आपराधिक प्रवृत्ति का फैज चौधरी उसके पास पहुंचा। आरोप है कि फैज चौधरी उससे रंगदारी में मांगने लगा। हसनैन ने रंगदारी देने से इंकार कर दिया। इसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद फैज यहां से चला गया। कुछ देर के बाद फैज हाथ में तमंचा लेकर अपने एक अन्य साथी के साथ हसनैन के पास फिर पहुंचा। उसने हसनैन पर फायरिंग कर दी। पहली गोली दरवाजे में लगी। इसके बाद एक गोली हसनैन को भी लग गई। इससे वह घायल हो गया। फायरिंग से मोहल्ले में हड़कंप मच गया।किसी ने सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी। फायरिंग की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इससे पहले आरोपी भाग चुका था। पुलिस ने मौके से 315 बोर का एक खोखा बरामद किया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए हसनैन की ओर से कोतवाली में तहरीर दे दी गई है।
फैज के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले
बदायूं। सोथा मोहल्ला का फैज चौधरी आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। वह जेल भी जा चुका है। घटना के बाद से वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश की जा रही है। इंस्पेक्टर भरत कुमार गौतम का कहना है कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।