उझानी। कस्बे के एक स्कूल की शिक्षिका ने प्रबंधक पर गलत नीयत से दबोचने और पुलिस से शिकायत घर लौटते समय रास्ते में घेरकर जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
छेड़खानी के बाद सरेराह गालीगलौज और धमकाने का मामला जनवरी महीने का है। शिक्षिका ने दर्ज रिपोर्ट में कहा कि स्कूल प्रबंधक शुरू से ही उन पर गलत नीयत रखता था। आरोप है कि 21 से 25 मई- 24 के बीच शैक्षिक भ्रमण के दौरान शिक्षिका से गलत हरकत करने की कोशिश की। इसके बाद शिक्षिका ने स्कूल जाना छोड़ दिया लेकिन अनुबंध होने की वजह से उन्होंने फिर से स्कूल जाना शुरू कर दिया। 30 जनवरी को स्कूल प्रबंधक ने शिक्षिका को गलत नीयत से दबोच लिया। उन्हें भाग कर अपनी इज्जत बचानी पड़ी। आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। 20 जून को शिक्षिका ने कोतवाली जाकर पुलिस को बताया। उस वक्त आरोपी प्रबंधक उन्हें कोतवाली में ही नजर आया। इसके बाद बहन के साथ घर लौटते समय रास्ते में स्कूल प्रबंधक और उसके अज्ञात साथी ने शिक्षिका को जातिसूचक गालियां और धमकी दी। पुलिस अफसरों से शिकायत के बाद शिक्षिका की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई तो उन्होंने सीएम को प्रार्थनापत्र भेजा। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मलिक ने बताया कि स्कूल प्रबंधक सुधांशु गुप्ता और अज्ञात युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।