बिनावर। कस्बे से मोहम्मदपुर मार्ग पर थाने से मात्र तीन सौ मीटर दूरी पर सरकारी देसी शराब की दुकान से बुधवार रात चोरों ने नकब लगाकर शराब की 34 पेटियां चोरी कर लीं। चोर दुकान से सूर्य पैनल का बैटरा, डिवाइस स्कैनर और दो हजार रुपये की नकदी भी ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शराब की दुकान पर सेल्समैन हिमांशु चौहान है। बुधवार को वह रात दस बजे दुकान बंद कर घर गया था। रात में चोर नकब लगाकर दुकान में घुस गए। चोर 31 पेटी देसी शराब की चोरी कर ले गए। बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे गांव के लोग शौच करने के लिए जा रहे थे। उनकी नजर दुकान पर पड़ी तो नकब लगा देखा। चोरी की सूचना मिलने पर शराब सेल्समैन हिमांशु चौहान और मैनेजर सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। सूचना थाना पुलिस को दी जिस पर पुलिस भी पहुंच गई। जांच करने के साथ ही आसपास खेतों में तलाशी शुरू की। दुकान से करीब 200 मीटर की दूरी पर एक खेत में सात पेटी शराब पड़ी मिल गई। जबकि 27 पेटी खाली गत्ता मिले। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस की लापरवाही से चोर हुए सक्रिय
-कस्बे के लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त में लापरवाही कर रही है। दो माह में कस्बे में तीसरी बार चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। इससे पहले करीब दो माह पहले थाने से चंद कदम की दूरी पर जीतू साहू की दुकान के शटर का ताला तोड़कर बीड़ी का बोरा चोरी हो गया। कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती निवासी मुख्तियार के घर का ताला तोड़कर घरेलू सामान चोरी कर चोर ले गए। पुलिस अब तक किसी घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। कस्बे के लोगों में पुलिस के प्रति रोष पनप रहा है। शराब सेल्समैन हिमांशु चौहान ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह का कहना है कि एक खेत से सात पेटी शराब बरामद कर ली है। 27 पेटी शराब चोर ले गए हैं। मामले की जांच और चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर चोरों को जेल भेजा जाएगा।