बदायूं/ओरछी। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में शनिवार रात छह बदमाशों ने ओरछी चौराहे के पास बृजकिशोर कोल्ड स्टोर पर धावा बोल दिया। सभी बदमाश दीवार फांदकर अंदर घुस गए और चौकीदार व दो मजदूरों को बंधक बना लिया। उनके साथ मारपीट करते हुए मोबाइल, नकदी लूट ली। इसके बाद कार्यालय की रैक में रखे साढ़े सात लाख रुपये भी लूट लिए। बाद में बदमाश सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर उखाड़कर फरार हो गए।
घटना शनिवार रात दो से तीन बजे के बीच की है। उस समय बृजकिशोर कोल्ड स्टोर का चौकीदार जय सिंह निवासी गांव अजनावर बिसौली, मजदूर छुट्टन सिंह निवासी सिरासौल सीताराम पट्टी थाना बिल्सी और मुख्त्यार उर्फ पप्पू निवासी गांव दांवरी थाना फैजगंज बेहटा कोल्ड स्टोर परिसर में पड़े टीन शेड में सो रहे थे। उसी समय छह बदमाश दीवार फांदकर कोल्ड स्टोर में घुस आए। सभी बदमाश अंगोछे से अपना चेहरा ढके हुए थे। तीनों लोग जाग पाते, इससे पहले बदमाशों ने तीनों पर डंडे से हमला बोल दिया। उनके सिर, चेहरा पर डंडे मारे। इससे तीनों लोगों पर बेहोशी छा गई। उनकी आवाज उठाने की हिम्मत नहीं हुई। बदमाशों ने उनके पास से मोबाइल और कुछ रुपये लूट लिए। चौकीदार से कार्यालय की चाबी छीन ली। कुछ बदमाश कार्यालय में घुस गए। उन्होंने कार्यालय की रैक में रखे साढ़े सात लाख रुपये लूट लिए।
जाते समय बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे तोड़ डाले और उसकी डीवीआर उखाड़ कर अपने कब्जे में ले ली और मौके से फरार हो गए। चौकीदार ने किसी तरह पुलिस को घटना की सूचना दी। जिससे इंस्पेक्टर अजय कुमार चाहर भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ही उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां तीनों का प्राथमिक उपचार कराया गया। सुबह छह बजे घटना की सूचना पर एसएसपी संकल्प शर्मा, एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा, सीओ बिसौली विनय कुमार चौहान पहुंच गए। एसएसपी ने मामले की जानकारी लेकर थाना पुलिस को जल्द से जल्द बदमाशों का सुराग लगाने का आदेश दिया। पुलिस ने कोल्ड स्टोर मालिक कमल किशोर गुप्ता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
संजू नाम के नौकर को पूछ रहे थे बदमाश
फैजगंज बेहटा इलाके में ओरछी चौराहे के नजदीक कोल्ड स्टोर में धावा बोलने वाले बदमाशों ने सबसे पहले संजू नाम के नौकर को पूछा था। तभी चौकीदार और मजदूरों को पीटा था। बाद में लूटपाट शुरू की थी।
नौकर संजू बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव सिरासौल सीताराम पट्टी का रहने वाला है। वह कोल्ड स्टोर में ही काम करता था। कोल्ड स्टोर के चौकीदार और मजदूरों के मुताबिक संजू अपने गांव से एक लड़की को भगा ले गया है। तब से वह कोल्ड स्टोर नहीं आ रहा है। उनका कहना है कि बदमाश कोल्ड स्टोर में दीवार फांदकर घुस आए। उन्होंने तीनों लोगों को चारपाई पर ही दबोच लिया। सबसे पहले उन्होंने संजू नाम के नौकर को पूछा था। जब उन्होंने बताया कि संजू यहां नहीं है, इसके बाद ही बदमाशों ने मारपीट शुरू की थी। उनके घटना को अंजाम देने के तरीके से लग रहा था कि वह ऐसी घटनाओं को अंजाम देते रहे होंगे।
पंद्रह दिन में हो चुकी हैं चोरी की कई घटनाएं
- फैजगंज बेहटा क्षेत्र में पिछले पंद्रह दिन में चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। हाल में गांव खेड़ादास और ओरछी के विजय पाल के घर से 70 हजार की नकदी समेत सोने चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। फैजगंज बेहटा कस्बे में कई दुकानों में चोरी हुई थी लेकिन उसका अभी तक खुलासा नहीं हुआ है।
बृजकिशोर कोल्ड स्टोर में पांच-छह बदमाशों ने लूटपाट और मारपीट की है। करीब साढ़े सात लाख रुपये लूटे जाना बताया जा रहा है। बदमाश सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी ले गए हैं। इस मामले में कुछ सुराग लगे हैं। टीमें लगा दी गई हैं। जल्द ही इस घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
- संकल्प शर्मा, एसएसपी