कादरचौक (बदायूं)। कादरचौक पुलिस गुरुवार को उस समय चकरघिन्नी बन गई, जब पुलिस को सूचना मिली कि एक बाइक सवार व्यक्ति से एक लाख 77 हजार रुपये लूट लिए गए हैं। इसकी सच्चाई तलाशने निकली पुलिस ने जब छानबीन शुरू की तो मामला झूठा निकला। बाद में सूचना देने वाले ने लिखित में माफी मांगी।
कासगंज जिले में पटियाली थाना क्षेत्र के ग्राम ककराला निवासी सुरेंद्र पुत्र ठकुरी ने गुरुवार दोपहर बाद पुलिस को सूचना दी कि खिरिया बाकरपुर के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने उससे एक लाख 77 हजार रुपये लूट लिए हैं। इस पर एसओ विशाल प्रताप सिंह और एसओजी टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन शुरू कर दी। जानकारी के दौरान सुरेंद्र ने कुछ ऐसी बातें कहीं, जो झूठी साबित हुईं। पुलिस ने बदमाशों के हुलिया, उनकी बाइक, किधर से आ रहे थे किधर जा रहे थे। ऐसे कई सवाल किए। फिर पुलिस ने सुरेंद्र से पूछा कि एक लाख 77 हजार में कौन से नोट थे। जिस पर सुरेंद्र ने कहा कि इसका उसे ध्यान नहीं है। पुलिस ने किसी तरह नंबर लेकर उसकी पत्नी से बात की तो पता चला कि वह ऐसे ही सुबह घर से निकल आया था। यह भी बताकर नहीं आया कि वह कहां जा रहा है। जब उसको पत्नी की बातें स्पीकर ऑन करके सुनवाई गईं तो वह टूट गया और माफी मांगने लगा। कहा कि उस पर लोगों और दुकानदारों का कर्जा हो गया था। रुपये न देने पड़ें, इससे लूट का ड्रामा किया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। देर शाम तक उसे छोड़ा नहीं गया है।